Jharkhand

नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी की दो छात्राओं का एबॉट में चयन, 4.2 लाख सालाना पैकेज पर मिली नौकरी

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

जमशेदपुर: रोजगार और कैंपस प्लेसमेंट के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के छात्रों ने एक बार फिर सफलता का नया अध्याय लिखा है. विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की पहल पर आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में दो छात्राओं का चयन वैश्विक फार्मास्युटिकल कंपनी एबॉट में हुआ है. दोनों छात्राओं को 4.2 लाख रुपये प्रति वर्ष के शुरुआती पैकेज पर नियुक्ति मिली है.

चयनित छात्राओं में बीएससी की प्रीति देवगम और बी.फार्मा की सृष्टि प्रिया शामिल हैं. दोनों को कंपनी में फार्मास्युटिकल सेल्स की जिम्मेदारी सौंपी गई है. स्वास्थ्य और फार्मा सेक्टर में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए एबॉट जैसी अंतरराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी मिलना एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उद्योगों से मजबूत जुड़ाव और प्रभावी प्लेसमेंट व्यवस्था का परिणाम है. प्रबंधन का कहना है कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें देश और दुनिया की प्रतिष्ठित कंपनियों में बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराना है.

विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने विश्वास जताया कि चयनित छात्राएं अपने कार्य और प्रदर्शन से संस्थान का नाम और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी. वहीं शिक्षकों ने कहा कि विज्ञान और फार्मेसी के क्षेत्र में विद्यार्थियों की बढ़ती सफलता इस बात का प्रमाण है कि वे उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार किए जा रहे हैं.

इस उपलब्धि के बाद विश्वविद्यालय के विज्ञान और फार्मेसी संकाय में उत्साह का माहौल है. चयनित छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण और प्लेसमेंट सेल के सहयोग को दिया. उनका कहना है कि संस्थान की ओर से मिले शैक्षणिक और व्यावसायिक मार्गदर्शन ने उन्हें चयन प्रक्रिया में बेहतर प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास दिया.