Jharkhand

जमशेदपुर में ब्राउन शुगर के साथ 2 गिरफ्तार, दोगुने दाम में बेचते थे ड्रग्स

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
जमशेदपुर में ब्राउन शुगर के साथ 2 गिरफ्तार, दोगुने दाम में बेचते थे ड्रग्स

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर पुलिस ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में जुगसलाई पुलिस ने ब्राउन शुगर खरीद बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 24 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपियों में मो सरफराज और मो शहबाज शामिल हैं. दोनों जुगसलाई थाना क्षेत्र के रहने वाले है. एक आरोपी कीताडीह निवासी माझिला फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. तीनों के खिलाफ जुगसलाई थाना में थाना के पुलिस अवर निरीक्षक विवेक कुमार पंडित के बयान पर केस दर्ज किया गया है. सोमवार की शाम सिटी एसपी ललित मीणा ने पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का पूर्व में भी अपराधिक इतिहास रहा है. शहर का अलग अलग थानों में इनपर पूर्व से कई केस दर्ज है. आरोपियों ने ब्राउन शुगर कहां से खरीदा था इसका पता लगाया जा रहा है.

रेलवे पुल पर पकड़ गए दोनों आरोपी
सिटी एसपी ने बताया कि खरकई नदी पर स्थित रेलवे पुल पर कुछ युवकों द्वारा ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री करने की सूचना पुलिस को मिली थी. इसके बाद वहां छापेमारी अभियान चलाया गया. पुलिस जब वहां पहुंची तो 2 युवक मौके पर पाए गए. जांच के क्रम में उनके पास ब्राउन शुगर मिला. सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी 100 से 150 रूपए प्रति पुड़िया ब्राउन खरीदते थे और नशेड़ियों के बीच 250 से 300 रुपए प्रति पुड़िया बेचते थे. जुगसलाई के अलावे शहर के अलग-अलग जगहों पर ये घूम-घूम कर ब्राउन शुगर बेचते हैं. आरोपियों के पास से बरामद ब्राउन शुगर की कीमत 3600 रुपए आंकी गई है.