☰
Jharkhand

भावपूर्ण श्रद्धांजलि: पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का निधन, 91 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का निधन हो गया है. सोमवार सुबह उन्होंने जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल में अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर है.

सायरा मुंडा 91 वर्ष की थीं और पिछले कई महीनों से अस्वस्थ चल रही थीं. स्वास्थ्य में लगातार परेशानी के कारण उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था. ऐसे में सोमवार सुबह उन्होंने अस्पताल में ही अंतिम सांस ली है. 

अर्जुन मुंडा ने भावुक पोस्ट साझा कर दी जानकारी
मां के निधन की जानकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की. उन्होंने भावुक संदेश में लिखा कि मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं. उनके जाने से जीवन में ममता का साया ही नहीं, बल्कि वह मजबूत सहारा भी छिन गया है, जिसके रहते हर मुश्किल आसान और हर दर्द हल्का महसूस होता था. अर्जुन मुंडा के इस भावुक संदेश के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत सायरा मुंडा को श्रद्धांजलि दी.