☰
Jharkhand

मामूली विवाद में ऐसे भिड़ीं किन्नर और महिला, जमकर खींचे एक-दूसरे के बाल, वीडियो हुआ वायरल

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): बर्मामाइंस थाना परिसर में बुधवार देर रात उस वक्त काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही, जब शिव आश्रम निवासी देबू माझी के परिजनों और बबली नामक किन्नर के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए. इस दौरान मारपीट भी हुई, जिसमें दोनों ओर के कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों को शांत कराया.

देबू की मां ने बबली पर लगाए आरोप

देबू की मां पुतुल माझी ने बबली पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी वजह से बस्ती में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती है. उन्होंने बताया कि देबू और बबली पहले से एक-दूसरे को जानते हैं. देबू शादीशुदा है, इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा है. पुतुल माझी का दावा है कि बबली की गतिविधियों से आसपास के लोग भी परेशान हैं और आए दिन विवाद होता रहता है.

बबली ने देबू और उसके दोस्तों को बताया हमले का जिम्मेदार

वहीं, बबली ने पुतुल माझी के आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उसने देबू पर जबरदस्ती और अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया. बबली के मुताबिक, दीपावली की रात जुआ खेलने का विरोध करने पर देबू और उसके दोस्तों ने उसके भाई को धमकी दी थी. बुधवार को उसका भाई एक दोस्त के साथ घर के बाहर बैठा था. इसी दौरान देबू कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और रॉड व हेलमेट से हमला कर दिया. इस घटना में उसका भाई और दोस्त घायल हो गए.

पुलिस ने संभाली स्थिति

घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग बर्मामाइंस थाने पहुंचे, जहां विवाद और बढ़ गया. थाना परिसर में हुए हंगामे के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया. फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर लगाए गए आरोपों को लेकर मामले की जांच की जा रही है.

रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा