Jharkhand

जमशेदपुर में दर्दनाक हादसा:  बिरसानगर में निर्माणाधीन पीएम आवास के 9वीं मंजिल से गिर बच्चे की मौत

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (Jamshedpur): जमशेदपुर में शनिवार की शाम एक हृदय विदारक घटना सामने आई. बिरसानगर जोन नंबर 1बी में बन रहे पीएम आवास की नवी मंजिल से गिरकर 14 साल के एक बच्चे की मौत हो गई. बच्चा सचिन मुर्मू (14) निर्माणाधीन पीएम आवास के पास ही स्थित साधुडेरा बस्ती का रहने वाला था. घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. सचिन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पिता मसांग मुर्मू समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है. वहीं, घटना को लेकर बस्ती के लोगों में आक्रोश है. बस्ती के भोला रविदास ने कहा कि पीएम आवास के लिए काफी ऊंची बिल्डिंग बनाई जा रही है लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए है. सीढ़ियों की घेराबंदी नहीं की गई है ना ही यहां कोई सुरक्षा गार्ड तैनात किया गया है. इसके कारण बच्चे अक्सर बिल्डिंग पर चढ़ जाते हैं और घटना की आशंका बनी रहती है. यहां पहले भी घटना घट चुकी है, इसके बाद भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए. 
बस्ती के लोगों ने आरोप लगाया कि बच्चा खुद गिरा या उसे किसी ने धक्का दिया पुलिस इसकी जांच करें. बच्चे के शर्ट में फटा हुआ था. बस्ती के लोगों ने बताया कि सचिन की मां अभी गर्भवती है, अब तक उसे घटना की जानकारी नहीं दी गई है. बिरसानगर थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी ने बताया कि बच्चा ऊपर कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है. परिजनों के लिखित आवेदन के तहत मामले को लेकर केस दर्ज किया जाएगा. 

मुंह के बल पत्थर पर गिरा
सचिन 9वीं मंजिल से मुंह के बल नीचे गिरा. वह एक पत्थर पर जा गिरा. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. बस्ती के कुछ लोग मौके पर पहुंचे तो बच्चे को वहां गिरा देखा. तुरंत सूचना पुलिस को दी गई. बस्ती के लोगों का कहना है बच्चे की घटना के पहले कुछ लड़कों के साथ देखा गया था. इसके बाद वह ऊपर कैसे पहुंचा यह जांच का विषय है. बच्चे का शर्ट फटा था, ऐसे में लोग कुछ अनहोनी की आशंका जता रहे है. सचिन के शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है, रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.