Jharkhand

जमशेदपुर की फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, मशीन गिरने से महिला कर्मी की मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित अरोरा फ्रूट्स एंड पिकल फैक्ट्री में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. फैक्ट्री में कार्यरत मिरूडीह निवासी महिला कर्मी जोबा मुंडा की मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों और स्थानीय लोगों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं.

जानकारी के अनुसार, जोबा मुंडा रोज की तरह सुबह ड्यूटी के लिए फैक्ट्री पहुंची थी. बताया जा रहा है कि काम के दौरान उसे कंपनी के दूसरे प्लॉट में भेजा गया था. इसी दौरान अचानक एक भारी मशीन उसके ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के बाद फैक्ट्री कर्मियों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल शव को अस्पताल में रखा गया है.

घटना की सूचना मिलते ही जेएलकेएम पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता फैक्ट्री पहुंचे. पार्टी के कोल्हान क्षेत्रीय प्रभारी संजय गोराई, जिला अध्यक्ष दीपक महतो, कोषाध्यक्ष रोहित प्रधान, रुपेश गौराई और राज महतो समेत अन्य लोगों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई. कार्यकर्ताओं का आरोप है कि फैक्ट्री में मजदूरों से लंबे समय तक काम कराया जाता है, लेकिन उन्हें बेहद कम मजदूरी दी जाती है. 

साथ ही कर्मचारियों को पीएफ और ईएसआई जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं. नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा था. इधर, मृतका के परिजन मुआवजे की मांग को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन से बातचीत कर रहे हैं. वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है.