Jharkhand

जमशेदपुर में चोरों का तांडव! मानगो-डिमना रोड बाजार की 12 दुकानों के ताले तोड़ हुई लाखों की चोरी

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
जमशेदपुर में चोरों का तांडव! मानगो-डिमना रोड बाजार की 12 दुकानों के ताले तोड़ हुई लाखों की चोरी

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला मानगो थाना क्षेत्र के मानगो-डिमना रोड स्थित बाजार का है, जहां शनिवार देर रात चोरों ने एक ही रात में करीब 10 से 12 दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी. चोर दुकानों के ताले और शटर तोड़कर अंदर घुसे तथा नकदी, कीमती सामान और अन्य वस्तुएं लेकर फरार हो गए. रविवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे हुए ताले, बिखरा सामान और खाली गल्ले देखकर उनके होश उड़ गए. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे अधिक किराना, मेडिकल और रोजमर्रा के सामान की दुकानों को निशाना बनाया. जिन प्रतिष्ठानों में चोरी हुई, उनमें श्याम जनरल स्टोर, विष्णु भंडार, मां वैभव वैष्णो मेडिकल, मनोज केजरीवाल का हार्डवेयर दुकान, रामाज्ञा आटा चक्की, राधा कृष्ण ट्रेलर और शुभम स्टोर समेत कई अन्य दुकानें शामिल हैं. बताया जा रहा है कि चोर देर रात सुनसान का फायदा उठाकर बाजार पहुंचे और एक-एक कर कई दुकानों के ताले तोड़ दिए. इसके बाद वे गल्ले में रखी नकदी और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन किया जा रहा है.

घटना की सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे बाजार का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके. वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भारी नाराजगी और असुरक्षा की भावना है. दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की वारदातों पर जल्द अंकुश लगाने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा.

रिपोर्ट-रंजीत कुमार ओझा