☰
Jharkhand

छठ पर घर लौटने वालों की भीड़ से गुलजार हुआ टाटानगर स्टेशन, बिहार जाने वाली ट्रेनें फुल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जमशेदपुर से बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. ट्रेनों के साथ-साथ बसों में भी भारी भीड़ देखने को मिल रही है. बिहार जाने वाली अधिकांश नियमित ट्रेनों में टिकट हाउसफुल हैं. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से पटना, छपरा समेत बिहार के अलग-अलग रूटों पर पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है.

टाटानगर स्टेशन पर सुबह से जुटने लगे यात्री

छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार से होने के मद्देनजर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी. खासकर बिहार जाने वाले यात्रियों का सुबह से ही स्टेशन पहुंचना शुरू हो गया था. कई परिवार बच्चों और बुजुर्गों के साथ अपने गांव जाने के लिए ट्रेन का इंतजार करते नजर आए. यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं. आरपीएफ के जवानों और रेलकर्मियों की तैनाती की गई है. यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म पर प्रवेश कराया जा रहा है.

छपरा स्पेशल ट्रेन रीशेड्यूल

गुरुवार को टाटानगर से थावे जाने वाली ट्रेन संख्या 18181 अपने निर्धारित समय रात 8:45 बजे रवाना हुई. वहीं, छपरा जाने वाली छठ पूजा स्पेशल ट्रेन संख्या 08185 को पहले शाम 6:10 बजे रवाना होना था, लेकिन रेलवे ने इसे रीशेड्यूल कर रात 9:30 बजे रवाना किया. टाटानगर के एरिया मैनेजर नीतीश कुमार ने बताया कि छठ को देखते हुए गुरुवार को स्टेशन से दो पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया. इनमें एक ट्रेन दोपहर और दूसरी रात में रवाना हुई.

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की विशेष व्यवस्था

एरिया मैनेजर के मुताबिक, रेलवे अधिकारियों ने स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी भी ली. यात्रियों ने रेलवे की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया. वहीं, छठ के पारंपरिक गीतों से स्टेशन परिसर का माहौल भी भक्तिमय बना हुआ है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कतार में रहकर ट्रेन में चढ़ें और जल्दबाजी या धक्का-मुक्की से बचें. आने वाले दिनों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा