जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): रक्षाबंधन के अवसर पर रचनात्मकता को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए रोटरैक्ट क्लब ऑफ नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी की ओर से नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल में राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को किया गया. इसमें स्कूल के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया. विद्यार्थियों ने हस्तनिर्मित राखियां तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई सभी राखियों को सामाजिक सेवा के उद्देश्य से बिक्री के लिए रखा जाएगा तथा इससे प्राप्त पूरी राशि का उपयोग स्लम क्षेत्रों की बेटियों के लिए कन्या पूजन के आयोजन में किया जाएगा.
कार्यक्रम में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के कुलसचिव नागेंद्र सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे. उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई राखियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह पहल केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि समाज के वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का संदेश भी देती है.
कुलसचिव ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई ये राखियां केवल कला का नमूना नहीं हैं, बल्कि इनमें करुणा और सामाजिक दायित्व की भावना भी निहित है. बच्चों के एक छोटे से रचनात्मक प्रयास को स्लम क्षेत्र की बेटियों के कल्याण से जोड़ना अत्यंत सराहनीय है. ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, संवेदनशीलता और समाज सेवा की भावना का बीजारोपण करते हैं.
विद्यार्थियों ने कलात्मक राखियां तैयार की
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक और कलात्मक राखियां तैयार कीं. विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. हस्तनिर्मित राखियों के माध्यम से उन्होंने न केवल अपनी कलात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया, बल्कि त्योहार की भावना को सामाजिक सरोकार से भी जोड़ा. रोटरैक्ट क्लब ऑफ नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी की यह पहल रोटरैक्ट के मूल मंत्र सेवा के माध्यम से बंधुत्व को सार्थक करती है. प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मक मंच देने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को समाज सेवा से जोड़ने का प्रयास किया गया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटरैक्ट क्लब के सदस्यों, फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स तथा नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा. आयोजन समिति ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया. साथ ही एनएसपीएस के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकों के सहयोग और समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया.
आयोजन समिति ने कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के साथ-साथ यह संदेश भी दिया कि छोटी-छोटी रचनात्मक पहलें यदि सामाजिक उद्देश्य से जुड़ जाएं तो उनका प्रभाव व्यापक हो सकता है. कहा गया कि रोटरैक्ट क्लब भविष्य में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामाजिक सेवा और सामुदायिक कल्याण से जोड़ने वाले कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा.
