Jharkhand

SIR 2026: घर-घर पहुंच रहे बीएलओ, जमशेदपुर में तेजी से भरे जा रहे SIR फॉर्म

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
SIR 2026: घर-घर पहुंच रहे बीएलओ, जमशेदपुर में तेजी से भरे जा रहे SIR फॉर्म

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR):झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR 2026 अभियान के तहत घर-घर जाकर गणना प्रपत्र यानी Enumeration Form भरवाने का कार्य तेजी से चल रहा है.राज्य में यह अभियान 30 जून से शुरू हुआ है,जो 29 जुलाई तक चलेगा.इसके बाद 5 अगस्त को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. जमशेदपुर में भी बीएलओ पूरी सक्रियता के साथ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवा रहे है. वहीं, भाजपा की ओर से भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर लगाकर लोगों की मदद से SIR फॉर्म भरवाए जा रहे है.

 जमशेदपुर में तेजी से भरे जा रहे SIR फॉर्म

इसी अभियान के तहत जमशेदपुर के 254- उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दूधकुंडी मतदान केंद्र ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है.इस मतदान केंद्र के सभी 544 मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाकर 100 प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया गया.इसके साथ ही मतदाताओं से प्राप्त 515 गणना प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है, जो कुल प्रपत्रों का 94.67 प्रतिशत है.शेष 29 प्रपत्र ASDD श्रेणी से संबंधित हैं, जिनकी प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है.इसके साथ ही संबंधित बीएलओ ने डिजिटाइजेशन का 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है.

उपायुक्त राजीव रंजन ने बीएलओ श्रीमती बसंती मांडी को बधाई दी

इस उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने संबंधित बीएलओ श्रीमती बसंती मांडी को बधाई दी. उन्होंने उनके समर्पण, मेहनत और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि मतदान केंद्र स्तर पर बीएलओ की सक्रियता और जनसहभागिता से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को नई गति मिल रही है. उपायुक्त ने उम्मीद जताई कि अन्य बीएलओ भी इस उपलब्धि से प्रेरणा लेकर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का प्रयास करेंगे.