टिएनपी डेस्क(TNP DESK): दुर्गापूजा, दिवाली और छठ महापर्व में अभी समय है, लेकिन ट्रेनों में टिकट को लेकर अभी से मारामारी शुरू हो गई है. टाटानगर रेलवे स्टेशन से खुलने और यहां से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में अक्टूबर महीने के टिकट तेजी से भर रहे हैं. कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 100 के पार पहुंच चुकी है, जबकि कुछ तारीखों में टिकट रिग्रेट दिखाने लगा है.
सबसे ज्यादा परेशानी बिहार, उत्तर प्रदेश और दूसरे राज्यों में त्योहार मनाने घर जाने वाले लोगों को हो रही है. खासकर 10 से 30 अक्टूबर के बीच कंफर्म टिकट मिलना काफी मुश्किल होता जा रहा है.
प्रमुख ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल
त्योहारी सीजन को देखते हुए यात्रियों ने कई महीने पहले से टिकट बुक करना शुरू कर दिया है. इसका असर हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस, हावड़ा-मुंबई दूरंतो, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, जलियांवाला बाग एक्सप्रेस और छपरा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों पर दिखाई दे रहा है.
इन ट्रेनों के स्लीपर और थर्ड एसी में लंबी वेटिंग चल रही है. कई तारीखों में हालात 'नो रूम' तक पहुंचने लगे हैं. ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक टिकट नहीं कराया है, उनके लिए कंफर्म सीट हासिल करना आसान नहीं होगा.
अब तत्काल और स्पेशल ट्रेनों से उम्मीद
लंबी वेटिंग के कारण यात्रियों की नजर अब तत्काल टिकट और रेलवे की ओर से चलाई जाने वाली पूजा स्पेशल ट्रेनों पर है. यात्रियों का कहना है कि अगर रेलवे समय रहते स्पेशल ट्रेनों की घोषणा कर दे तो घर जाने की योजना बनाने में आसानी होगी.
लोग टाटानगर से पटना, छपरा, गया और दूसरे प्रमुख रूट पर अतिरिक्त ट्रेन चलाने की उम्मीद कर रहे हैं. त्योहार के समय इन रूटों पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है.
पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग
पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में अक्टूबर के लिए सीटों की मांग काफी ज्यादा है. फर्स्ट एसी में भी कई तारीखों पर वेटिंग चल रही है. 16 अक्टूबर को सेकेंड एसी में टिकट रिग्रेट की स्थिति बताई जा रही है. वहीं थर्ड एसी की वेटिंग कुछ तारीखों में करीब 130 तक पहुंच चुकी है.
गीतांजलि एक्सप्रेस का भी यही हाल
गीतांजलि एक्सप्रेस में 1 से 23 अक्टूबर के बीच अलग-अलग श्रेणियों में लंबी वेटिंग है. सेकेंड एसी में वेटिंग करीब 38 तक है. थर्ड एसी में यह आंकड़ा 21 से 56 के बीच है, जबकि स्लीपर में वेटिंग 58 से 64 तक पहुंच रही है.
15 और 16 अक्टूबर को स्थिति ज्यादा खराब है. इन तारीखों में वेटिंग 140 के पार पहुंचने की बात सामने आई है.
राजधानी में भी कंफर्म टिकट की परेशानी
राजधानी एक्सप्रेस में भी यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में परेशानी हो रही है. थर्ड एसी में 19 अक्टूबर को वेटिंग 122 तक पहुंच गई है. दूसरी तारीखों में भी वेटिंग 57 तक बताई जा रही है. 16 अक्टूबर को सभी श्रेणियों में रिग्रेट की स्थिति बन चुकी है.
ऐसे में त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को अब रेलवे की स्पेशल ट्रेनों की घोषणा का इंतजार है. अतिरिक्त ट्रेनें नहीं चलीं तो अक्टूबर में यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है.