Jharkhand

सरायकेला: सुधा डेयरी के कर्मी के मौत पर बवाल, कंपनी गेट के पास परिजनों ने दिया धरना

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

सरायकेला (Saraikela): सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया में सुधा डेयरी के कर्मी रविंद्र नाथ ठाकुर (34) की मौत मामले में बुधवार को बवाल हो गया. मृतक के परिजन और स्थानीय लोग सुधा डेयरी के मुख्य गेट को जाम कर दिया और गेट के पास ही धरने पर बैठ गए. परिजनों ने मुआवजा आश्रित को नौकरी और मामले के दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए धरना दिया. इस दौरान कंपनी प्रबंधन में अफरा तफरी मची रही. गेट जाम होने से कामकाज भी प्रभावित हो गया. मृतक की पत्नी तारा देवी ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पति की तबीयत बिगड़ने के बाद भी कंपनी प्रबंधन द्वारा उन्हें अस्पताल नहीं पहुंचाया गया. कंपनी प्रबंधन की लापरवाही से पति की मौत हो गई. पत्नी ने आरोप लगाया कि पति के शरीर में जहरीला पदार्थ पाए जाने की बात सामने आई है. धरना प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया. कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच अभी किसी प्रकार की वार्ता नहीं हुई है इसलिए धरना जारी है. स्थाई नौकरी के अलावा परिजन 25 लख रुपए की मुआवजा की मांग कर रहे हैं.

21 जून हो हुई थी मौत

17 जून की सुबह ड्यूटी के दौरान रविन्द्र ठाकुर की तबियत अचानक बिगड़ गई थी. परिजनों का आरोप था कि अस्पताल ले जाने के बजाय कंपनी प्रबंधन उन्हें घर छोड़ गया. परिजन आनन फानन में उन्हें ईएसआई अस्पताल ले गए. फिर उन्हें टीएमएच रेफर कर दिया गया. यहां से उन्हें रांची रिम्स रेफर किया गया. यहां 21 जून को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. परिजनों का कहना है कि जबतक उनकी मांग पूरी नहीं होती तब तक आंदोलन जारी रहेगा. दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है.