जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस ने डकैती में शामिल पांचों संदिग्ध अपराधियों का वीडियो जारी किया है. साथ ही, उनकी पहचान करने और गिरफ्तारी में मदद करने के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की है. पुलिस ने पांचों अपराधियों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है. इस तरह सभी आरोपियों पर कुल 10 लाख रुपये का इनाम रखा गया है.
गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई इस बड़ी डकैती की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी. जानकारी के अनुसार, पांच हथियारबंद अपराधी दिनदहाड़े बैंक में घुसे थे. बंदूक की नोक पर उन्होंने बैंक कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को बंधक बना लिया. इसके बाद अपराधियों ने बैंक से करीब 42 लाख रुपये नकद और लगभग 24 किलोग्राम सोना लूट लिया और मौके से फरार हो गए. लूटे गए सोने की कीमत 33 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है. इस तरह अपराधियों ने बैंक से नकदी और सोने समेत करोड़ों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं.
घटना को 14 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस को अपराधियों की गिरफ्तारी में सफलता नहीं मिली है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही है. बिहार, ओडिशा, बंगाल, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अपराधियों की तलाश की जा रही है. अब पुलिस ने संदिग्ध अपराधियों का वीडियो जारी कर आम लोगों से उनकी पहचान करने और उनके संबंध में जानकारी देने की अपील की है. पुलिस को उम्मीद है कि वीडियो सामने आने के बाद अपराधियों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि वीडियो में दिख रहे किसी भी संदिग्ध के बारे में जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें. घोषित इनाम का उद्देश्य अपराधियों तक पहुंचने और उनकी गिरफ्तारी में आम लोगों की मदद लेना है. अब देखना होगा कि वीडियो जारी होने और इनाम घोषित किए जाने के बाद पुलिस को इस बहुचर्चित डकैती कांड में कब तक सफलता मिलती है.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा
