जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार को फिर यहां जंगली हाथियों का कहर दिखने को मिला. चाकुलिया वन क्षेत्र के सुनसुनिया रेलवे फाटक के पास काम कर रहे पश्चिम बंगाल निवासी संजीव सिन्हा पर हाथियों ने हमला कर दिया. संजीव सिन्हा (53)रेलवे में लाइनमेन का काम करते है, और घटना के दौरान रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे थे. इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार कर रहे हाथियों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हाथियों ने उन्हें उठा कर पटक दिया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए. वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. घायल की हालत गंभीर है. उसके दोनों पैर में गहरी चोट आई है. घटना के बाद रेल कर्मियों में दहशत है. रेल कर्मी पर हमला करने के बाद हाथी जंगल की ओर चले गए. सुनसुनिया रेल फाटक चाकुलिया और कोकपाड़ा रेलवे स्टेशन के बीच में है.
13 हाथियों के दल ने किया हमला
स्थानीय लोगों के अनुसार 13 हाथियों के एक दल ने रेल कर्मी पर हमला किया. हाथी रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, जबकि रेल कर्मी संजीव सिन्हा डाउन लाइन किनारे अपना काम के रहे थे. जंगल से हाथियों के निकलते ही संजीव सिन्हा हाथियों के सामने आ गए. वे कुछ समझ पाते इससे पहले ही हाथियों ने उनपर हमला कर दिया. रेलवे ट्रैक पर ही उन्हें पटक दिया. रेलवे ट्रैक जंगल के बीच में है. इसलिए हाथियों के आने की जानकारी रेल कर्मी को नहीं मिल पाई. हाथी अचानक उनके सामने आ गए. लोगों के अनुसार सुनसुनिया जंगल और उसके आसपास के गांव में 30 से अधिक हाथियों का दल विचरण कर रहा है. इससे लोग दहशत में है.
