Jharkhand

बहरागोड़ा में गजराज का आतंक! 6 से ज्यादा जंगली हाथियों के झुंड से सहमे ग्रामीण

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): बहरागोड़ा प्रखंड के बेनासोली काजू जंगल में इन दिनों जंगली हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों के लोग काफी डरे हुए हैं. जंगल में 6 से ज्यादा हाथियों का झुंड पहुंच गया है, जिसके बाद मानुषमुड़िया और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क हो गए हैं.

बताया जा रहा है कि ये हाथी खाने और पानी की तलाश में रात के समय जंगल से बाहर निकल आते हैं और मटिहाना-चाकुलिया मुख्य सड़क तक पहुंच जाते हैं. ऐसे में सड़क से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है. कई बार अचानक सड़क पर हाथियों के आ जाने से राहगीरों में डर का माहौल बन जाता है.

वहीं, हाथियों की वजह से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है. ग्रामीणों को डर है कि हाथियों का झुंड खेतों में पहुंचकर धान की फसल और चारे को नुकसान पहुंचा सकता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथियों का गांवों के आसपास आना कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार संख्या ज्यादा होने से परेशानी बढ़ गई है.

मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है. टीम जंगल और आसपास के इलाकों में गश्त कर रही है और हाथियों को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर भेजने की कोशिश में जुटी है.

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के करीब न जाएं, उन्हें परेशान न करें और रात के समय सड़क पर चलते वक्त सावधानी बरतें. अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सबसे जरूरी है और हाथियों को भी सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल इलाके के लोग डरे हुए हैं और प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग कर रहे हैं. ग्रामीणों की नजर अब वन विभाग की कार्रवाई पर बनी हुई है.

रिपोर्ट- अरुण बारिक