☰
Jharkhand

जमशेदपुर में बारिश से बिगड़े हालात, स्वर्णरेखा-खरकाई खतरे के निशान के पार, स्कूल बंद

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पिछले 72 घंटे से हो रही लगातार बारिश ने जमशेदपुर और आसपास के इलाकों की परेशानी बढ़ा दी है. लगातार बारिश के चलते स्वर्णरेखा और खरकाई नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है. इसके बाद नदी किनारे और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. कई जगहों पर नदी का पानी आसपास के इलाकों में पहुंचने लगा है, जिससे लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने की चिंता सताने लगी है.

निचले इलाकों में बढ़ी चिंता

हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया है. प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. खासकर नदी किनारे और उन इलाकों पर ज्यादा निगरानी रखी जा रही है, जहां जलस्तर बढ़ने की आशंका है.

मानगो, बागबेड़ा, शास्त्रीनगर समेत नदी के आसपास और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और नदी या जलभराव वाले इलाकों के पास जाने से बचें.

बारिश थोड़ी कम, लेकिन खतरा बरकरार

शनिवार को बारिश की रफ्तार में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन फिलहाल खतरा पूरी तरह टला नहीं है. नदियों का जलस्तर अभी भी काफी ऊंचा है. ऐसे में प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड में है. राहत और बचाव टीमों को भी तैयार रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सके.

सड़कों पर जलजमाव से यातायात प्रभावित

लगातार बारिश की वजह से शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी जमा हो गया है. इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है और कई जगह यातायात भी प्रभावित हुआ है. प्रशासन की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है. किसी भी तरह की आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करने को कहा गया है.

फिलहाल जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में बारिश और संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.

रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा