Jharkhand

पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल! जमशेदपुर में फिर चापड़ से हमला, दो आरोपी धराए

Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर
पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल! जमशेदपुर में फिर चापड़ से हमला, दो आरोपी धराए

 

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): हिमांशु हत्याकांड में हुए बवाल के बाद पुलिस एक्टिव है. सीनियर अधिकारी से लेकर सभी पुलिस कर्मी शहर में पेट्रोलिंग कर रहे है. रात में भी पुलिस सड़कों पर है, लेकिन इसके बाद भी अपराधी सड़क पर तांडव मचा रहे हैं. रविवार रात शहर में फिर चापड़ से हमला हुआ. बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में बारीडीह निवासी राजेश कुमार से बाइक सवार 2 बदमाशों में चापड़ से हमला कर पैसे लूट लिए. लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से 2 बदमाशों को मौके से पकड़ लिया गया. दोनों बदमाश स्कूटी पर सवार थे. पुलिस ने घटना स्थल से चापड़ भी बरामद किया है. 

पकड़े गए दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है. वहीं, स्कूटी जब्त कर थाना लाया गया. पीड़ित युवक ने बताया कि वह सड़क किनारे लघुशंका कर रहा था. इसी दौरान स्कूटी से 2 बदमाश आए और चापड़ से हमला कर दिया और पैसे लूट लिए. इसके बाद बदमाशों में मोबाइल भी लूटना चाहा, इसका मैंने विरोध किया. इसके बाद स्थानीय लोग जुटे और दोनों को पकड़ लिया गया. 

पिछले तीन दिनों से लगातार शहर की सड़कों पर अपराधियों का तांडव देखा जा रहा है. रात होते ही  अपराधी घटनाओं को अंजाम दे रहे है. हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद पुलिस पूरी अलर्ट है, लेकिन इसके बाद भी एक के बाद एक लूट, छिनतई, चापड़बाजी फायरिंग की घटनाएं हो रही है. शनिवार रात भी बाइक सवार बदमाशों ने सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी मना वापस लौट रहे भाई-बहन से स्नैचिंग की थी. घटना में दोनों घायल हो गए और एक बदमाश मौके से पकड़ा भी गया. 

शुक्रवार की रात कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर में संजय टांडी नामक युवक को गोली मारी गई थी. गोली उसके जबड़े में लगी थी. वहीं, गुरुवार की रात टेल्को थाना क्षेत्र में बाइक से घर वापस लौट रहे युवक आशिम बनर्जी से चापड़ से हमला कर बाइक सवार बदमाशों ने लूट की थी. अब रविवार की रात बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है.