Jharkhand

जमशेदपुर में सरकारी शराब दुकान के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
जमशेदपुर में सरकारी शराब दुकान के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR):जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के शिव घाट रोड स्थित विंध्यवासिनी मंदिर के समीप प्रस्तावित सरकारी शराब दुकान के विरोध में सोमवार रात स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. बड़ी संख्या में बस्तीवासी सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर प्रस्तावित शराब दुकान को तत्काल निरस्त करने की मांग की.

आस-पास रहने वाले बच्चों पर पड़ेगा बुरा असर

स्थानीय निवासी नलिनी सिन्हा ने बताया कि जिस स्थान पर सरकारी शराब दुकान खोले जाने की तैयारी की जा रही है, वह पूरी तरह रिहायशी इलाका है. यहां बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं और बच्चों की आबादी भी काफी अधिक है. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित दुकान से करीब 100 मीटर की दूरी पर विंध्यवासिनी मंदिर स्थित है.इसके अलावा सेंट जॉन इंग्लिश हाई स्कूल और कई ट्यूशन सेंटर भी आसपास संचालित होते हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का आना-जाना रहता है.

शराब दुकान खुलने से यहां का माहौल खराब हो सकता है

बस्तीवासियों का आरोप है कि इलाके की लगभग 60 प्रतिशत आबादी बच्चों की है. ऐसे में शराब दुकान खुलने से क्षेत्र का सामाजिक माहौल खराब होगा और महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. उनका कहना है कि दुकान खुलने के बाद नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगेगा, जिससे क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है.

शराब दुकान को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग 

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शहर में पहले से ही अपराध की घटनाएं बढ़ रही है. ऐसे में घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र, मंदिर और स्कूल के समीप सरकारी शराब दुकान खोलना जनहित के खिलाफ है. उन्होंने प्रशासन से स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस फैसले पर तत्काल पुनर्विचार करने और प्रस्तावित शराब दुकान को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की.बस्तीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

रिपोर्ट-रंजीत ओझा