जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह में बुधवार देर रात डीजे की तेज आवाज को लेकर शुरू हुआ मामला देखते ही देखते हंगामे में बदल गया. डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर कुछ युवकों ने कथित तौर पर पथराव कर दिया. इस दौरान पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया. घटना में एक एएसआई घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. मामले के बाद पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 12 बजे पुलिस को डायल 112 के जरिए बाबूडीह इलाके में तेज आवाज में डीजे बजाए जाने और लोगों के डांस करने की शिकायत मिली थी. शिकायत मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डीजे बंद कराने की कोशिश की. पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ युवक कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से उलझ गए. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. आरोप है कि कुछ युवकों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने की कोशिश की.
पुलिस के अनुसार, हंगामे के दौरान एएसआई कृष्ण कुमार का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया. इतना ही नहीं, आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिसकर्मी की राइफल छीनने की कोशिश भी की. स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस टीम को विरोध का सामना करना पड़ा. इसी दौरान कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया और पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की गई. पथराव में एएसआई कृष्ण कुमार घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया. घटना के बाद पुलिस ने मौके से पांच युवकों को हिरासत में लिया और उन्हें सिदगोड़ा थाना ले जाया गया. पुलिस अब हिरासत में लिए गए युवकों से पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ कर रही है.
पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद हिरासत में लिए गए युवकों के परिजन और कुछ स्थानीय लोग सिदगोड़ा थाना पहुंचे. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए. परिजनों और स्थानीय लोगों की ओर से आरोप लगाया गया कि पुलिस ने युवकों के साथ मारपीट की है. हालांकि, पुलिस की ओर से इस आरोप को लेकर जांच की जा रही है. वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डीजे बंद कराने गई टीम के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और हमला किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर रही है.
घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. पुलिस टीम पर हमला, पथराव, सरकारी वाहन में तोड़फोड़ और सरकारी काम में बाधा डालने जैसी धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पथराव और तोड़फोड़ में शामिल सभी लोगों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल बाबूडीह में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन देर रात हुए इस हंगामे ने पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था को लेकर एक नई चुनौती खड़ी कर दी है.
