जमशेदपुर: शहर में किस्तों पर अवैध हथियार खरीदने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बिरसानगर थाना पुलिस ने लुपुंगडीह मैदान में छापेमारी कर तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया है, जबकि यश दास नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
इस कांड का खुलासा जमशेदपुर सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता कर किया है. उन्होंने बताया कि पुलिस को लुपुंगडीह मैदान में चार युवकों की संदिग्ध गतिविधी की सूचना मिली थी.जिसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की. जिसमें लुपुंगडीह मैदान के पास पुलिस टीम पहुंची तो तीन युवक भागने लगे. इस दौरान पुलिस ने खदेड़ कर चारों युवक को हिरासत में लिया. जिसके बाद तलाशी ली गई. जिसमें दौरान उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए.
हथियार मिलने के बाद सभी को थाना लाया गया. जहां पूछताछ की गई. जिसमें कई खुलासे सामने आए है. पुलिस को जानकारी मिली की शौक के लिए युवकों ने किस्त पर हथियार खरीदा था. भौकाल जमाने के लिए 30 हजार रुपये में किस्तों पर अवैध पिस्टल खरीदी. हालांकि, बाद में वे किस्तों की रकम चुकाने में असमर्थ हो गए. इसके बाद हथियार बेचने की कोशिश करने लगे. इसी दौरान पुलिस को उनकी गतिविधियों की सूचना मिली और छापेमारी कर कार्रवाई की गई.
नाबालिग तीनों युवकों को निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेजा गया जबकि एक को जेल भेजा गया है. पुलिस अब हथियार बेचने वालों की तलाश कर रही है.
