Jharkhand

मानसून ट्रिप का बना रहे हैं प्लान? जमशेदपुर के आसपास की ये जगहें हैं परफेक्ट डेस्टिनेशन

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
मानसून ट्रिप का बना रहे हैं प्लान? जमशेदपुर के आसपास की ये जगहें हैं परफेक्ट डेस्टिनेशन

जमशेदपुर: मानसून की एंट्री हो गई है. मानसून की बारिश के साथ शहर और उसके आसपास के कई इलाकों का नजारा बदल जाता है. हरियाली और बादलों से घिरे इलाकों का नजारा स्वर्ग जैसा होता है. बादल पहाड़ तक पहुंच जाते है, जो अद्भुत दिखता है. अगर मानसून के सीजन में आप अपने परिवार का दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना रहे हैं तो शहर और उसके आसपास मौजूद ये आकर्षक स्थल आपके सफर को यादगार बना सकता है. आइए जानते हैं उन जगहों के बारे में जहां झमाझम बारिश के दौरान प्रकृति का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है. मानसून में अगर आप शहर की भागदौड़ में कुछ सुकून के पल बिताना चाहते हैं तो आपको इन स्थलों पर जरूर जाना चाहिए.


पहाड़भांगा 
मानसून के सीजन में पहाड़भांगा का नजारा स्वर्ग से कम नहीं होता. यह जमशेदपुर रेलवे स्टेशन से करीब 20 किमी दूर है. पोटका प्रखंड में स्थित इस पर्यटन स्थल को छोटा स्वर्ग कहा जाता है. यह घने जंगल, पहाड़ और नदी के लिए जाना जाता है. मानसून के दौरान पहाड़भांगा प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन जाता है. बारिश के दौरान यहां की पहाड़ियां हरियाली की चादर ओढ़ लेती है. जो काफी मनमोहक दिखता है. भागदौड़ भरी जीवन में यहां सुकून के कुछ पल बिताया जा सकता है. 


बुरीडीह डैम 
मानसून के सीजन में घाटशिला प्रखंड में स्थित बुरूडीह डैम किसी स्वर्ग से कम नहीं है. जमशेदपुर से करीब 53 किमी दूर इस पर्यटन स्थल का नजारा बारिश के समय अदभुत रहता है.  बुरूडीह डैम चारों ओर पहाड़ियों से घिरा है, जो मानसून में और खूबसूरत नजर आता है. सुबह और शाम के समय इसका नजारा और आकर्षक होता है. बारिश के दौरान डैम का जलस्तर बढ़ जाता है. यह जमशेदपुर और उसके आसपास के इलाकों में रहने वालों के लिए पसंदिदा जगहों में एक है. यहां आकर आप अपने परिवार के साथ सुकून के पल बिता सकते है. इस डैम का अद्भुत नजारा लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है.

सतनाला डैम
जमशेदपुर से महज 10 किमी दूर स्थित सतनाला डैम का नजारा भी मानसून के दौरान अद्भुत रहता है. पहाड़ियों से घिरे इस डैम की खूबसूरती बारिश में और बढ़ जाती है. 21 करोड़ रूपये खर्च कर इस परियोजना को पानी की आपूर्ति के लिए बनाया गया था, लेकिन धीर धीरे यह लोगों का पसंदीदा जगह बन गया. सतनाला डैम सरायकेला खरसावां जिले के डोबो में स्थित है. इसे डोबो डैम भी कहा जाता है.


डिमना लेक
शहर के लोगों के लिए सबसे पसंदिदा जगह है डिमना लेक. बारिश में इसका नजारा काफी अद्भुत होता है, जो लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है. पहाड़ियों से घिरा डिमना लेक बारिश के दौरान काफी मनमोहक दिखता है. पहाड़ हरियाली के चादर ओढ़ लेते है. सुबह और शाम के समय इस लेक का नजारा सबसे मनमोहक रहता है. शहर के अलावा आसपास के जिले और राज्यों के लोग भी यहां अपने परिवारों के साथ पहुंचते हैं. अगर मानसून के सीजन में आप अपने परिवार के साथ सुकून के पल बिताना चाहते हैं तो डिमना लेक जरूर आई. यह शहर के सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों में एक है.