जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट है जिसके तहत दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल में विकास और मेंटेनेंस कार्यों को लेकर 14 से 20 सितंबर तक रोलिंग ब्लॉक कार्यक्रम चलाया जाएगा. रेल लाइन और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों के कारण इस अवधि में कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है. रेलवे के अनुसार, अलग-अलग तारीखों में कुल छह ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन के साथ चलाया जाएगा. इसका सीधा असर झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार के यात्रियों की आवाजाही पर पड़ सकता है. रोजाना ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को भी परेशानी हो सकती है.
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, आद्रा-आसनसोल-आद्रा मेमू (68046-68045) 14, 17 और 20 सितंबर को रद्द रहेगी. वहीं, आद्रा-भागा-आद्रा मेमू (68077-68078) का परिचालन 20 सितंबर को नहीं होगा. आसनसोल-पुरूलिया-आसनसोल मेमू (63594-63593) भी 14, 17, 19 और 20 सितंबर को रद्द रहेगी. इसके अलावा कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य तक नहीं भेजा जाएगा. टाटानगर-आसनसोल-बाराभूम-चक्रधरपुर मेमू (68056-68060) 20 सितंबर को केवल आद्रा तक जाएगी और वहीं से वापस लौटेगी. खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस (18035-18036) 14 और 17 सितंबर को आद्रा तक ही चलेगी.
रेलवे के मुताबिक, आसनसोल-पुरूलिया-आसनसोल मेमू (63594-63593) का परिचालन 15 और 16 सितंबर को भी बदले हुए रूट के अनुसार केवल आद्रा स्टेशन तक किया जाएगा. रोलिंग ब्लॉक के दौरान ट्रेनों के समय और परिचालन में बदलाव होने से यात्रियों को अपने सफर की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गयी है. रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन के लिए घर से निकलने से पहले 139 हेल्पलाइन या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी ट्रेन का रनिंग स्टेटस जरूर जांच लें. इससे स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन रद्द या मार्ग में बदलाव की वजह से होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है.
