Jharkhand

चाईबासा: मनोहरपुर में हाथी के हमले में एक की मौत, गांव में मातम

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
चाईबासा: मनोहरपुर में हाथी के हमले में एक की मौत, गांव में मातम

चाइबासा(CHAIBASA): कोल्हान में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है. कोल्हान के तीनों जिलों में हाथियों का कहर है. मंगलवार की देर रात जंगली हाथियों ने पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर में एक व्यक्ति की जान ले ली. मनोहरपुर थाना क्षेत्र के पत्थरबासा गांव निवासी दिलेश्वर जातराम (48) की हाथियों ने जान ली. दिलेश्वर देर रात अपने घर के बाहर शौच के लिए निकला था. जहां उसका सामना हाथी से हो गया. इसी दौरान हाथी ने उसपर हमला कर दिया. उसे पटक पटक कर मार डाला. हाथी के डर के कारण घर के अन्य लोग बाहर नहीं निकले. करीब एक घंटे के बाद घरवाले बाहर निकले तो दिलेश्वर मृत पदा रहा. घटना को लेकर गांव में मातम है. मृतक के 2 छोटे छोटे बच्चे हैं.  बुधवार की सुबह वन विभाग की टीम और मनोहरपुर पुलिस गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. ग्रामीणों का कहना है कि एक हाथी काफी दिनों से गांव के आसपास घूम रहा है. रात में भोजन की तलाश में वह गांव में घुस रहा है. 

आश्रितों को नई नीति के तहत मिलेगा मुआवजा

घटना की सूचना पर वनपाल अभय कुमार गांव पहुंचे. उन्होंने मृतक के आश्रितों को जल्द मुआवजा देने का आश्वासन दिया. वनपाल ने कहा कि मृतक के आश्रितों को सरकार की नई नीति के तहत 10 लाख रुपया मुआवजा दिया जाएगा. तत्काल एक लाख रुपए दिए जाएंगे. सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष राशि दी जाएगी. वनपाल ने ग्रामीणों से अंधेरे में घर से ना निकलने की अपील की. कहा कि गांव के आसपास के जंगल में एक जंगली हाथी ने शरण लिया है. रात के समय वह गांवों में घुस रहा है.