Jharkhand

जमशेदपुर में अवैध हथियार के साथ एक गिरफ्तार, दहशत फैलाने की थी योजना

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर पुलिस अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में पुलिस को एक और सफलता मिली है. बिष्टुपुर पुलिस ने अवैध हथियार के साथ सरायकेला खरसावां जिला के आरआईटी थाना क्षेत्र के महावीर कॉलोनी में रहने वाले बदमाश निहाल कुमार गुप्ता (19) को गिरफ्तार किया है. बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के बेलीबोधन घाट के पास से आरोपी को पकड़ा गया. उसके पास से एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा गोली बरामद की गई है. शनिवार को सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे मामले का खुलासा किया. सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बेलीबोधन घाट के पास एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है. इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी की. पुलिस को देख युवक भागने लगा. पुलिस ने उसे खदेड़ का पकड़ लिया. तलाशी के क्रम में उसके पास से लोडेड देशी पिस्तौल बरामद किया गया. पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि शहर में दहशत फैलाने और लोगों को डराने और धमकाने के लिए  वह अपने साथ हथियार लेकर घूम रहा था. आरोपी को जेल भेज दिया गया है. पकड़े गए बदमाश का कोई अपराधिक इतिहास नहीं है. पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया. जानकारी हो कि पुलिस अवैध हथियार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. पिछले तीन दिन में 3 बदमाशों को पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है.

बिहार से शहर में हो रहे हथियार की सप्लाई
पुलिस की जांच में सामने आया है कि शहर में अवैध हथियार की सप्लाई बिहार के मुंगेर जिले से हो रही है. हाल फिलहाल में शहर में जितनी भी फायरिंग की घटनाएं हुई उसमें मुंगेर में बने पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया. हथियार की सप्लाई करने वाले तीन बदमाशों को भी हाल ही में पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. शहर के विभिन्न थाना क्षेत्र में गोली चालन की घटनाएं लगातार सामने आ रही है. इन घटनाओं का पुलिस ने उद्भेदन भी किया है.