Jharkhand

आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने पर नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में आयोजित हुई भाषण प्रतियोगिता

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने पर नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में आयोजित हुई भाषण प्रतियोगिता

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): देश के सार्वजनिक प्रसारण के सबसे विश्वसनीय माध्यमों में से एक आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जमशेदपुर स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. आकाशवाणी, जमशेदपुर और विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में आशु भाषण (एक्सटेम्पोर स्पीच) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय भारत के विकास में आकाशवाणी की भूमिका रहा. विभिन्न विभागों के कुल 20 प्रतिभागियों ने इस विषय पर अपने विचार रखते हुए आकाशवाणी के नौ दशक लंबे योगदान को रेखांकित किया. विद्यार्थियों ने सूचना प्रसार, ग्रामीण विकास, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य जागरूकता, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में आकाशवाणी की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की. कार्यक्रम में आकाशवाणी जमशेदपुर के कार्यक्रम प्रमुख राजेश कुमार राय, कार्यक्रम अधिशासी राकेश रमन और विवेक आदित्य विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए. अतिथियों का विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया. अपने संबोधन में राकेश रमन ने कहा कि आकाशवाणी केवल प्रसारण संस्था नहीं, बल्कि भारत की सामूहिक स्मृतियों, संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों की सशक्त आवाज रही है. वहीं राजेश कुमार राय ने कहा कि आकाशवाणी ने देश के दूरदराज के क्षेत्रों तक सूचना और शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा आज भी इसकी विश्वसनीयता इसे अन्य माध्यमों से अलग पहचान दिलाती है. विवेक आदित्य ने भारतीय भाषाओं, लोक कलाओं और सांस्कृतिक विविधताओं के संरक्षण में आकाशवाणी के योगदान को ऐतिहासिक बताया.

कुलाधिपति ने किया संबोधित, विजेता पुरस्कृत
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने आकाशवाणी को 90 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं देते हुए इसे राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण सहभागी संस्था बताया. वहीं कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पानी ने कहा कि मीडिया विद्यार्थियों के लिए आकाशवाणी की निष्पक्षता, सामाजिक उत्तरदायित्व और कार्यशैली एक आदर्श उदाहरण है.
कार्यक्रम के दौरान कुलपति ने अतिथियों को सम्मानित किया और भविष्य में विश्वविद्यालय एवं आकाशवाणी के बीच शैक्षणिक सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की. समारोह में कुलसचिव नागेंद्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोइज़ अशरफ, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. श्रद्धा वर्मा, डीन एकेडमिक्स अभिनव कुमार, डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. राकेश कुमार समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे. प्रतियोगिता में अदिना फातिमा (अंग्रेजी विभाग) ने प्रथम, प्रतीक झा (विधि विभाग) ने द्वितीय और लक्ष्मी सतपति (पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. कार्यक्रम का समापन विभागाध्यक्ष दीपिका कुमारी के धन्यवाद ज्ञापन और विजेताओं के पुरस्कार वितरण के साथ हुआ. यह आयोजन आकाशवाणी की गौरवशाली यात्रा को सम्मान देने के साथ-साथ युवाओं को जिम्मेदार मीडिया की भूमिका से परिचित कराने का एक सार्थक प्रयास साबित हुआ.