Jharkhand

रक्षाबंधन पर रघुवर दास ने बहनों से बंधवाई राखी, नारी सशक्तिकरण और सुरक्षा का दिया संदेश

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

जमशेदपुर(JAMSHEPUR): रक्षाबंधन के पर्व पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के एग्रिको स्थित आवास पर पारिवारिक और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया. इस अवसर पर रघुवर दास ने अपनी बहनों से राखी बंधवाई. इसके अलावा बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और आसपास की महिलाओं ने भी उनकी कलाई पर राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं. रघुवर दास ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक बताते हुए देशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि इस अवसर पर समाज को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लेना चाहिए.

मां और बड़ी बहन के योगदान को किया याद 

इस दौरान रघुवर दास ने अपने परिवार से जुड़ी यादें भी साझा कीं. उन्होंने बताया कि उनकी तीन बहनें थीं, जिनमें बड़ी बहन का कुछ वर्ष पहले निधन हो गया. जीवन में अपनी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने अपनी मां और बड़ी बहन के योगदान को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान वह अपनी बड़ी बहन के यहां जाकर छिपते थे. रक्षाबंधन के मौके पर परिवार के सदस्य भी उनके आवास पर एकत्र हुए.

महिलाओं से जुड़े कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने की जरूरत 

महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी संरक्षण और सुरक्षा के लिए देश में पहले से कई कानून मौजूद हैं. आवश्यकता इन कानूनों को प्रभावी और सही तरीके से लागू करने की है. उन्होंने महिलाओं को शक्ति और समृद्धि का प्रतीक बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को मां दुर्गा, मां काली और मां लक्ष्मी के स्वरूप में सम्मान दिया जाता है.

आर्थिक और राजनितिक सशक्तिकरण पर दिया जोर 

रघुवर दास ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक और राजनीतिक रूप से अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता है. उन्होंने महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत राजनीतिक आरक्षण का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता की बात कही. उन्होंने कहा कि आज महिलाएं खेल, सेना, सीमा सुरक्षा सहित लगभग हर क्षेत्र में आगे बढ़कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं. रक्षाबंधन के कार्यक्रम में महामंडलेश्वर साध्वी अमरजीत नंद गिरी ने भी रघुवर दास को राखी बांधी. वहीं, उनकी बहू एवं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने भी रक्षाबंधन के अवसर पर कई लोगों को राखी बांधकर पर्व की खुशियां साझा कीं.

रिपोर्ट-रंजीत कुमार ओझा