जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर के नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी में गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर राजनीति विज्ञान और इतिहास विभाग की ओर से अलग अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की थीम “महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और भारतीय ज्ञान प्रणाली: समकालीन भारत के लिए प्रासंगिकता” रही. इस दौरान क्विज, भाषण, कविता पाठ और पोस्टर प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें विश्वविद्यालय के अलग-अलग विभागों के करीब 180 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों ने सत्य, अहिंसा, स्वावलंबन, ग्राम स्वराज, सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा जैसे गांधीवादी मूल्यों को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़कर अपने विचार प्रस्तुत किए.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष डॉ. शाहनवाज आलम और गांधीवादी विचारक डॉ. सुखचंद झा मौजूद रहे. डॉ. शाहनवाज आलम ने जमशेदपुर और महात्मा गांधी के पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि 1925 में टाटा प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच विवाद के समाधान के लिए गांधीजी जमशेदपुर आए थे. वहीं डॉ. सुखचंद झा ने विद्यार्थियों से गांधीजी के विचारों और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल को समझने के लिए उनके जीवन और योगदान को पढ़ने की अपील की. उन्होंने झारखंड में गांधीजी की यात्राओं पर आधारित अपनी पुस्तक का भी उल्लेख किया.
प्रतियोगिताओं में भाषण के पहले सत्र में नाजनीन प्रथम और आदित्य राज उपविजेता रहे. दूसरे सत्र में सौम्य दुर्गा गुप्ता ने पहला, अनन्या दुबे ने दूसरा और अदीना फातिमा व नंदिनी कुमारी ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया. पोस्टर में आलिया समर विजेता और पलक कंचन उपविजेता रहीं. कविता पाठ में शादान नाजनीन प्रथम, दामिनी रॉय द्वितीय तथा प्रज्ञा पांडेय और आईशा तब्सुम संयुक्त रूप से तृतीय रहीं. क्विज में राजनीति विज्ञान विभाग की टीम ने बाजी मारी. कुलाधिपति मदन मोहन सिंह और कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने विद्यार्थियों से गांधी और शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की. विजेताओं को प्रमाण-पत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया.
