☰
Jharkhand

जमशेदपुर : MBBS के बाद अब PG की पढ़ाई ! नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को NMC की मंजूरी, 5 विभागों में मिलीं PG की 20 सीटें

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): कोल्हान में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक अच्छी खबर सामने आई है. आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से पांच चिकित्सा विभागों में पोस्ट ग्रेजुएट (PG) की कुल 20 सीटों की मान्यता मिल गई है. खास बात यह है कि संस्थान को यह सफलता पहले ही प्रयास में मिली है. शनिवार को इस उपलब्धि पर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने खुशी जताई और इसे संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया.

पांच विभागों में चार-चार सीटों को मिली मंजूरी

सितवांतो देवी महिला कल्याण संस्थान के अधीन संचालित मेडिकल कॉलेज में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्थान के सचिव मदन मोहन सिंह ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि NMC ने जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, रेडियो डायग्नोसिस, स्त्री एवं प्रसूति रोग और एनेस्थीसियोलॉजी विभाग में चार-चार पीजी सीटों को मंजूरी दी है. इस तरह संस्थान को कुल 20 सीटें मिली हैं.

मदन मोहन सिंह ने कहा कि करीब दो साल पहले स्थापित इस मेडिकल कॉलेज ने कम समय में एमबीबीएस से पीजी तक का सफर तय किया है. यह उपलब्धि बेहतर आधारभूत सुविधाओं, अनुभवी चिकित्सकों और पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है. इससे कोल्हान के मेडिकल छात्रों को विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा हासिल करने के नए अवसर मिलेंगे. साथ ही अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी.

पटना में भी मिलीं पीजी की 44 सीटें

संस्थान के सचिव ने बताया कि समूह के पटना स्थित बिहटा मेडिकल कॉलेज को भी इस वर्ष पीजी की 44 सीटों की अनुमति मिली है. भविष्य में वहां पीजी सीटों की संख्या बढ़ाकर 118 करने की योजना है.

रांची में भी खुलेगा नया मेडिकल कॉलेज

मदन मोहन सिंह ने बताया कि रांची में 35 एकड़ जमीन पर नए विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निर्माण चल रहा है. अगले साल विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज शुरू करने का लक्ष्य है, जबकि 2028 तक अस्पताल को पूरी तरह संचालित करने की योजना है.