जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): चर्चित युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के बीच शनिवार को अचानक, मामले में मुख्य संदेही बताए जा रहे सोनारी निवासी अशोक सिंह राघव की पुलिस हिरासत में तबीयत अचानक बिगड़ गई. पिछले चार दिनों से चांडिल थाने में उससे लगातार पूछताछ की जा रही थी. ऐसे में शनिवार सुबह चांडिल थाने में अशोक सिंह से पूछताछ चल रही थी. इसी दौरान अचानक उसे खून की उल्टियां होने लगीं. उसकी हालत बिगड़ते ही पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने बिना देर किए उसे इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. एमजीएम में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसकी हालत गंभीर बताई. बेहतर इलाज की जरूरत को देखते हुए उसे तत्काल बिष्टुपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफर कर दिया गया. इसके बाद पुलिस टीम उसे TMH लेकर पहुंची, जहां उसे क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है.
पुलिस ने नहीं दिया कोई आधिकारिक बयान
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान संदेही की तबीयत बिगड़ने और खून की उल्टियां होने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, पूरे मामले पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है. अभी तक अशोक सिंह की तबीयत बिगड़ने की वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. इधर, अशोक सिंह को TMH में भर्ती कराए जाने के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है. पुलिस बल की तैनाती की गई है और अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. अब सबकी नजर इस बात पर है कि डॉक्टरों की रिपोर्ट में उसकी तबीयत बिगड़ने की वजह क्या सामने आती है और निखार सबलोक हत्याकांड की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है.
