जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): चांडिल के आसनबनी स्थित 10th Mile Hotel के पास होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में हत्या के पीछे करीब 3 एकड़ जमीन से जुड़े विवाद और आपराधिक गिरोहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, निखार की हत्या के लिए 15 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी और वारदात को अंजाम देने के लिए उत्तर प्रदेश से शूटर बुलाए गए थे.
बुधवार को जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब और सरायकेला-खरसावां एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी. पुलिस ने इस हत्याकांड में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें सोनारी निवासी अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव भी शामिल है, जिसे गैंगस्टर विक्रम शर्मा का करीबी बताया गया है. राघव फिलहाल टीएमएच में इलाजरत है, जबकि पांच अन्य आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.
गिरफ्तार आरोपियों में सुनिल रजक, रितेश सिंह, सुशिल केराई, सुलतानपुर निवासी राज कुमार सिंह उर्फ प्रिंस और अंकित सिंह शामिल हैं. पुलिस के अनुसार राघव ने कथित तौर पर हत्या की साजिश तैयार की थी. मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस जांच में आपराधिक गिरोहों के बीच पुराने संबंध और दुश्मनी का पहलू भी सामने आया है. पुलिस के मुताबिक राघव का संबंध विक्रम शर्मा गिरोह से रहा है और बाद में उसके अखिलेश सिंह गिरोह से भी जुड़ाव की बात सामने आई. वहीं निखार सबलोक को अपराधी गणेश सिंह का करीबी बताया गया है.
जांच में 10th Mile Hotel के आसपास पिंडरापहाड़िया की करीब 3 एकड़ जमीन को लेकर विवाद की जानकारी मिली है. इसी जमीन पर कब्जे और वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच तनाव बताया जा रहा है. SIT ने CCTV, तकनीकी साक्ष्य और अन्य सूचनाओं के आधार पर रांची से लाल रंग की Hyundai i10 बरामद की है. पुलिस ने दो देशी पिस्टल, सात जिंदा गोलियां और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. निखार को 24 अगस्त को होटल के पास गोली मारी गई थी. गंभीर हालत में TMH में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. अब पुलिस सुपारी देने वाले व्यक्ति, यूपी के शूटरों और जमीन विवाद से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
