जमशेदपुर (JAMSHEDPUR):जमशेदपुर के पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में शुक्रवार को चौथा दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया. यह दिन विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए बेहद खास और गर्व का पल रहा, क्योंकि उन्हें झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के हाथों डिग्री हासिल करने का मौका मिला. वहीं, बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को राज्यपाल ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक देकर सम्मानित किया.
राज्यपाल के हाथों डिग्री पाकर खिले छात्रों के चेहरे
राज्यपाल से मिलना और उनके हाथों सम्मान पाना छात्रों के लिए एक यादगार अनुभव रहा. समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन, राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुई. इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया.कार्यक्रम में अलग-अलग संकायों के विद्यार्थियों को डिग्री दी गई. इस दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि छात्र अपनी शिक्षा का इस्तेमाल देश और समाज की तरक्की के लिए करें.
पढ़ें राज्यपाल ने मौके पर क्या कहा
राज्यपाल ने युवाओं से कहा कि वे सिर्फ नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि नए विचारों के साथ आगे बढ़ें और रोजगार देने वाले भी बनें. उन्होंने नई शिक्षा नीति और AI आधारित शिक्षा की भी सराहना की.उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है. अगर युवा मेहनत, जिम्मेदारी और सही सोच के साथ आगे बढ़ेंगे तो विकसित भारत का सपना पूरा होगा.समारोह में कुलपति पीके पाणी, रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
