Jharkhand

15 लाख के इनामी नक्सली सचिन की पूर्वी सिंहभूम में एंट्री, मांग रहा लेवी

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): 15 लाख के इनामी नक्सली सचिन की पूर्वी सिंहभूम जिले में इंट्री हुई है. पटमदा, बोड़ाम समेत अन्य इलाकों में उसके घूमने की सूचना खुफिया विभाग और पुलिस को मिली है. इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर है. सुरक्षाबल जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रहे है. सचिन को अपने दस्ते के साथ दलमा वन क्षेत्र में भी घूमने की सूचना सुरक्षा एजेंसियों को मिली है. सचिन से पहले 5 लाख के इनामी नक्सली बिरेन सिंह उर्फ सागर, बिरेन की पत्नी नक्सली मीणा, मदन महतो के इलाके में आने की सूचना थी. अब सचिन की वापसी की सूचना से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. भाकपा के रीजनल कमेटी सदस्य नक्सली राम प्रकाश मार्डी उर्फ सचिन की पटमदा इलाके में सबसे अधिक घूमने की सूचना है. वह पटमदा थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है. हालांकि उसके अपने गांव पटमदा के झुंझका में जाने की सूचना नहीं है. पूर्वी सिंहभूम जिले को वर्ष 2024 में नक्सल मुक्त घोषित किया गया था. लेकिन अब फिर यहां नक्सलियों ने पैर फैलाने शुरू कर दिया है. 

कारोबारियों से मांग रहे लेवी
सचिन और उसके दस्ते द्वारा कई पेट्रोल पंप मालिकों से लेवी मांगने की शिकायत भी पुलिस को मिली है. पटमदा, बोड़ाम और गालूडीह में पेट्रोल पंप मालिकों से लेवी की मांग की है है. कुछ दिनों नक्सलियों ने बोड़ाम के पेट्रोल पंप मालिकों को पर्चा भेजकर जंगल में मिलने भी बुलाया था. पंप मालिकों ने बोड़ाम पुलिस को मामले की जानकारी दी थी. इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं है. वहीं, एक बार फिर नक्सलियों के जिले में धमक से कारोबारियों में हड़कंप मचा है. बताया जा रहा है कि सचिन, बिरेन, बिरेन की पत्नी मीणा मदन महतो समेत 10 से 12 नक्सली पूर्वी सिंहभूम जिले में वापस पहुंचे है और अपनी पकड़ यहां दोबारा मजबूत करने में जुटे है. सारे नक्सलियों हथियारों से लैस बताए जा रहे हैं. नक्सलियों के आने की सूचना पर दलमा भी अलर्ट है.

दलमा से ट्रैप कैमरे हो रहे चोरी, नक्सलियों पर शक
वन विभाग द्वारा दलमा के जंगलों में लगाए गए ट्रैप कैमरे चोरी हुए है. कैमरों के डिवाइस भी गायब है. कैमरों की चोरी नक्सलियों द्वारा करने की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि ट्रैप कैमरे में उनकी गतिविधियां कैद ना हो इसके लिए नक्सलियों ने कैमरा गायब किया है. पटमदा के बांदरजोलकोचा जंगल में लगाए गए 2 ट्रैप कैमरे चोरी हुए है. वन विभाग ने इसकी शिकायत थाना में की है. हालांकि वन विभाग का कहना है कि यह हरकत लकड़ी माफियाओं की हो सकती है. हालांकि कुछ वन कर्मियों का मानना है कि कैमरे गायब करना आम लोगों की बस की बात नहीं है. इसलिए नक्सलियों द्वारा कैमरे गायब करने की आशंका जताई जा रही है.

सांसद हत्याकांड में शामिल है सचिन
नक्सली सचिन कई नक्सली घटनाओं को अंजाम दे चुका है. दिवंगत सांसद सुनील महतो हत्याकांड में भी वह शामिल था. बताया जाता है कि सांसद के बॉडीगार्ड से लूटा गया इंसास भी सचिन के पास ही है. 4 मार्च 2007 को घाटशिला के बागुड़िया में तत्कालीन सांसद सुनील महतो की हत्या नक्सलियों ने की थी. सूत्रों के अनुसार सारंडा में सुरक्षाबलों के बढ़ते दवाब के कारण वहां से सारे नक्सली इधर उधर भाग रहे है. इसी क्रम में सचिन, बिरेन समेत अन्य नक्सली पूर्वी सिंहभूम जिले में वापस लौटे है और अपनी अस्तित्व की तलाश कर रहे है.