जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): दुर्गा पूजा 11 अक्टूबर से देश भर में मनाया जाएगा. इसके लिए झारखंड और बंगाल समेत कई राज्यों में अलग अलग थीम पर दुर्गा पंडाल बनाए जाते है. ऐसे में झारखंड के जमशेदपुर से दुर्गा पूजा पंडाल और मूर्ति को लेकर खास खबर सामने आई है. दरअसल, जमशेदपुर के परसुडीह स्थित श्री शिव मंदिर परिसर में इस वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन बेहद खास और आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है. ये इसलिए क्योंकि पूजा कमेटी की ओर से इस बार मां दुर्गा की 108 मुख और 121 हाथों वाली भव्य प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी की जा रही है. आयोजकों का दावा है कि इस तरह के स्वरूप वाली प्रतिमा झारखंड में पहली बार देखने को मिलेगी. प्रतिमा अपने अनोखे स्वरूप के कारण श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी.
बता दें, करीब 3.50 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही इस प्रतिमा का निर्माण पश्चिम बंगाल के कारीगर कर रहे हैं. प्रतिमा में मां दुर्गा के 108 मुख और 121 हाथों को उनकी विभिन्न शक्तियों और स्वरूपों का प्रतीकात्मक रूप दिया जा रहा है. इसके साथ ही पूजा आयोजकों के अनुसार हिंदू धर्म में 108 अंक का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है. मंत्र जाप, पूजा-पाठ और धार्मिक परंपराओं में 108 की संख्या का व्यापक प्रयोग होता है. वहीं 121 हाथों के माध्यम से मां दुर्गा की शक्ति और उनके विभिन्न रूपों को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है.
बताते चले, पूजा पंडाल में इस बार भगवान गणेश की कथा को भी विशेष तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा. मॉडल के माध्यम से भगवान गणेश के जन्म से लेकर उनके पुनर्जीवन तक की पूरी कथा को जीवंत रूप में दिखाने की तैयारी है. श्रद्धालु पंडाल में इस धार्मिक प्रसंग को दृश्य रूप में देख सकेंगे. आयोजकों ने बताया कि हर वर्ष पूजा में कुछ नया और अलग करने का प्रयास किया जाता है. इसी क्रम में इस बार मां दुर्गा के 108 मुख और 121 हाथों वाले स्वरूप का चयन किया गया है. ऐसे में परसुडीह की यह प्रतिमा भी इस वर्ष लोगों के बीच चर्चा का विषय बनने की उम्मीद है.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा
