☰
Jharkhand

छठ घाटों की बदहाली देख भड़कीं विधायक पूर्णिमा दास साहू, अधिकारियों को 14 नवंबर तक सुधारने का अल्टीमेटम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): छठ महापर्व को लेकर जमशेदपुर में नदी घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है. इसी क्रम में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने अलग-अलग नदी घाटों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान घाटों पर गंदे पानी और जगह-जगह फैले कचरे को देखकर विधायक ने संबंधित पदाधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की और उन्हें जमकर फटकार लगाई. विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी नदी घाटों की साफ-सफाई, कचरे की हटाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं. उन्होंने 14 नवंबर तक सभी नदी घाटों को पूरी तरह दुरुस्त करने का निर्देश दिया. विधायक ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और स्वच्छता का महापर्व है.  ऐसे में घाटों पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.  

घाटों पर गंदगी देख अधिकारियों पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान विधायक ने घाटों पर मौजूद गंदगी, गंदे पानी और सफाई की कमी को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा. उन्होंने कहा कि छठ जैसे बड़े पर्व से पहले घाटों की स्थिति बेहतर होनी चाहिए थी. इसके बावजूद कई जगहों पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं दिख रही है. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.

14 नवंबर तक दुरुस्त करने का दिया निर्देश

विधायक पूर्णिमा दास साहू ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी नदी घाटों की जल्द सफाई कराने, जमा कचरे को हटाने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने इसके लिए 14 नवंबर तक की समय सीमा तय की है. साथ ही कहा कि घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए.

छठ पर्व में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

विधायक ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और स्वच्छता का पर्व है. इसमें बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और पुरुष नदी घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं. ऐसे में घाटों पर गंदगी या अव्यवस्था किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी. अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करनी होंगी. अब देखना होगा कि प्रशासन विधायक की ओर से दी गई समय सीमा के भीतर घाटों की स्थिति सुधारने में कितना सफल होता है.

रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा