Jharkhand

मिसिर बेसरा की टूटी कमर, अब दस्ते के 16 नक्सलियों के सरेंडर की सूचना

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
मिसिर बेसरा की टूटी कमर, अब दस्ते के 16 नक्सलियों के सरेंडर की सूचना

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): झारखंड पुलिस के समक्ष अब 18 और नक्सलियों के सरेंडर करने की सूचना आ रही है. सूत्रों के अनुसार सुरक्षाबलों के दवाब के कारण राज्य के 18 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया है. सरेंडर करने वाले 18 नक्सलियों में 16 नक्सली एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा के दस्ते के बताए जा रहे हैं, जो कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय थे. एक बार फिर उसके दस्ते के नक्सलियों के सरेंडर करने से मिसिर बेसरा का दस्ता काफी कमजोर हो गया है और उसकी कमर टूट चुकी है. हालांकि मिसिर बेसरा ने अब तक सुरक्षाबलों के समक्ष सरेंडर नहीं किया है और वह पश्चिम सिंहभूम के जंगलों में सक्रिय है. 9 जुलाई को मिसिर बेसरा का लोकेशन चाइबासा के टोंटो थाना क्षेत्र के मुरूम्बुरा गांव के पहाड़ी मिला था. उसके साथ 15 लाख का इनामी नक्सली वीरेंद्र हांसदा और मेहनत उर्फ मोछू भी थे. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि मिसिर बेसरा अब भी पश्चिम सिंहभूम के जंगलों में है. लेकिन उसके दस्ते के नक्सलियों के लगातार सरेंडर करने से वह कमजोर हो गया है  और उसकी सक्रियता कम हो गई है.

मिसिर दस्ते के 25 नक्सलियों ने मई में किया था सरेंडर
इसी साल मई महीने में मिसिर बेसरा के दस्ते के 25 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष सरेंडर किया था. कुल 27 नक्सलियों में सरेंडर किया था, जिसमें 25 नक्सली कोल्हान में सक्रिय थे और मिसिर बेसरा के लिए काम कर रहे थे. 25 लाख के इनामी नक्सली सागेन अंगरिया, गांदी मुंडा, नागेंद्र मुंडा, रेखा मुंडा, सुलेमान हांसदा समेत कई हार्डकोर नक्सलियों ने सरेंडर किया था. 16 हथियार और 2,857 गोलियां भी पुलिस के हवाले की थीं. अब फिर से मिसिर बेसरा के दस्ते के 16 नक्सलियों के सरेंडर करने से मिसिर बेसरा का अस्तित्व खत्म होता दिख रहा है. हालांकि मिसिर बेसरा आत्मसमर्पण नहीं करना चाह रहा है. लेकिन उसके दस्ते के नक्सलियों के लगातार सरेंडर करने से वह कमजोर होता जा रहा है. उसकी तलाश में सुरक्षाबल पश्चिम सिंहभूम के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. 

मिसिर के साथ असीम मंडल भी बना चुनौती
सुरक्षाबलों के लगातार दवाब के कारण कई नक्सलियों ने हाल ही के दिनों में सरेंडर किया या पकड़े गए है. लेकिन एक करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा और असीम मंडल उर्फ आकाश सुरक्षाबलों के लिए चुनौती बने हुए है. असीम मंडल अपने कुछ साथियों के साथ पूर्वी सिंहभूम जिले में वापस लौट आया है. बोड़ाम थाना क्षेत्र में उसकी गतिविधि देखी गई है. यहां के सीमावर्ती इलाकों में वह सक्रिय है. जबकि मिसिर बेसरा पश्चिम सिंहभूम के जंगलों में छिपा हुआ है. दोनों को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है.