जमशेदपुर (jamshedpur): जमशेदपुर में डबल डाउन बार के बाहर पुलिस के सामने युवक हिमांशु सिंह की हत्या ने पुलिस की कार्यशैली कई सवाल खड़े किए हैं. वहीं शहर में लगातार बढ़ रही अपराधी घटनाओं से भी पुलिस की छवि खराब हुई है. शहर में रात के समय कई जगहों पर अपराधियों का तांडव देखने को मिल रहा है. नशे के कारण छोटे-मोटे अपराधी लूट और छिनतई की घटना को अंजाम दे रहे हैं. दो दिनों पहले बर्मामाइंस और गोलमुरी में तीन ट्रक चालकों से लूट का प्रयास हुआ था और इसमें सफल होने पर बदमाशों ने चालकों पर चापड़ से हमला किया था. पुलिस को आशंका है कि नशे के कारण बदमाश घटना कर रहे हैं. इसलिए पुलिस ने रात के समय अड्डेबाजी के विशेष अभियान शुरू किया है. बुधवार की देर रात शहर के विभिन्न थाना क्षेत्र में पुलिस ने अड्डे बाजी के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया. अड्डेबाजी कर रहे लोगों को मौके से भाग दिया गया. कईयों को पुलिस पूछताछ के लिए थाना ले आई. कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा की देखरेख में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी बीच जिले के नए एसएसपी एहतेशाम वकारिब ने देर रात योगदान दे दिया. इस दौरान उन्होंने थानेदारों के साथ अपराध की समीक्षा की. नए एसएसपी के आने से शहर में अपराध कम होने की उम्मीद लोगों में जगी है.
बार और पब की भी हो रही जांच
वहीं, रात के समय पब और बार में भी जांच की जा रही है. जोनल आईजी मनोज कौशिक ने शहर के सभी थानेदारों को 24 घंटे के भीतर उनके क्षेत्र में चलने वाले बार और पब की रिपोर्ट एसडीओ को सौंपने का निर्देश दिया है. जोनल आईजी ने निर्देश है कि जो भी थानेदार इसमें लापरवाही करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वहीं, जिले के नए एसएसपी ने भी थानेदारों को अपराध पर अंकुश लगाने का निर्देश दिया है. जानकारी हो कि डबल डाउन बार के बाहर करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या चाकुओं से गोद कर हुई थी. इस घटना के बाद से ही पुलिस ने शहर में चल रहे पब और बार में निगरानी बढ़ा दी है. वही रात के समय संदिग्ध इलाकों में पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है.
लगातार अपराधिक घटनाओं से दहशत में है शहर
जानकारी होगी पिछले करीब 2 महीने से शहर में अपराधी घटनाओं में काफी वृद्धि हुई है. चाकू और चापड़बाजी तो यहां छोटी-छोटी बातों पर हो रही है. इसके अलावा बदमाश महिलाओं से स्नैचिंग की घटनाओं को भी लगातार अंजाम दे रहे हैं. शहर में अपराधी घटनाओं में लगातार वृद्धि होने से शहर के लोग दहशत में है, खास करके महिलाओं में ज्यादा खौफ देखा जा रहा है. इसी बीच पुलिस के सामने ही हिमांशु सिंह की हत्या ने लोगों में और भी खौफ पैदा कर दिया है. जिले के नए एसएसपी के लिए शहर की अपराधी घटनाओं पर अंकुश लगाने की चुनौती तो होगी ही, इसके अलावा पुलिस की छवि भी सुधारने की चुनौती उनके समक्ष होगी.
