टीएनपी डेस्क (TNP DESK): जमशेदपुर मरीन ड्राइव घटना के बाद झरखंड सरकार ने एक अहम फैसला लिया है. परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने भारी गाड़ियों और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं. स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंत्री बिरुआ ने यह बात कही है.
दरअसल जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव (दोमुहानी) पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद झारखंड सरकार ने सड़क सुरक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. मंत्री दीपक बिरुआ ने अधिकारियों को राज्यभर में यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने और सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों व अन्य भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए सुरक्षा नियमों का पालन सभी की जिम्मेदारी है.ब्लैक स्पॉट पर चलेगा विशेष अभियान.
दीपक बिरुआ ने कहा कि सोनारी मरीन ड्राइव की घटना ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद खामियों को उजागर किया है. इसी को देखते हुए उन्होंने मरीन ड्राइव समेत पूरे राज्य के दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े ट्रक और भारी वाहन दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनते हैं. ऐसे मामलों में अब प्रशासन बिना किसी ढिलाई के कार्रवाई करेगा.
मंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि केवल अवैध पार्किंग हटाना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि ऐसे स्थानों के लिए स्थायी समाधान भी तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में हादसों की संभावना कम की जा सके.
लोगों से मांगी सीधी भागीदारी
परिवहन मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए लोगों से सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यदि किसी भी जिले में सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहन दिखाई दें, तो उनकी तस्वीर और जानकारी सीधे साझा करें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसी शिकायतों की व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे.
चार युवाओं की मौत के बाद बढ़ी सख्ती
24 सितंबर 2026 को सोनारी मरीन ड्राइव पर हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी युविका सिंह समेत चार युवाओं की मौत हो गई थी. इस घटना के बाद मरीन ड्राइव पर अवैध पार्किंग, सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे.
पूरे राज्य की सड़क सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा
दीपक बिरुआ ने कहा कि सरकार अब झारखंड की सड़क सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करेगी. यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन, ब्लैक स्पॉट की पहचान, अवैध पार्किंग पर नियंत्रण और वाहन चालकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए राज्यव्यापी अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने वाहन चालकों से तेज रफ्तार और लापरवाही से बचने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित ड्राइविंग ही सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को कम करने का सबसे प्रभावी उपाय है.