जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग चौक स्थित श्री दुर्गा ज्वेलर्स में चोरों ने दुकान की पिछली दीवार तोड़कर इंटर किया और वहां रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए. चोरी की इस घटना से इलाके के दुकानदारों में चिंता का माहौल है.
दीवार तोड़कर दुकान में घुसे चोर
चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए दुकान की पिछली दीवार को तोड़ा. इसके बाद वे अंदर घुसे और सामान पर हाथ साफ कर दिया. दुकान से दो किलो से अधिक चांदी के आभूषण समेत बाकी सामान चोरी होने की बात सामने आई है. चोरों ने अपनी पहचान छिपाने और जांच में परेशानी पैदा करने के उद्देश्य से दुकान में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले लिया.
सोमवार सुबह दुकान खोलने पर हुई जानकारी
दुकान के मालिक रुद्रदेव कुमार वर्मा के अनुसार, उन्होंने रविवार दोपहर दुकान बंद की थी. इसके बाद सोमवार सुबह करीब 10 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए. दुकान में सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था और पीछे की दीवार टूटी मिली. जांच करने पर चोरी की जानकारी सामने आई. उन्होंने चोरी गए सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपये होने का अनुमान जताया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस चोरी गए सामान का ब्योरा जुटाने के साथ वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने में लगी है. फिलहाल नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन किया जा रहा है. दुकान में लगे CCTV का DVR चोरी होने से जांच में चुनौती आ सकती है. हालांकि, पुलिस आसपास के इलाकों में लगे बाकी CCTV कैमरों की फुटेज की मदद से चोरों का सुराग तलाश सकती है. मामले में पुलिस की जांच जारी है.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा