जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच में पुलिस को लगातार नई सफलता मिल रही है. मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल की तलाश में पुलिस की टीमें कई शहरों में लगातार छापेमारी कर रही हैं.
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में बागबेड़ा क्षेत्र से भाजपा से जुड़े एक कार्यकर्ता सहित कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. हालांकि अब तक की जांच में हिरासत में लिए गए कुछ लोगों का हत्या से प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आया है. पुलिस नामजद आरोपी अमित लोहार के भाई से भी पूछताछ कर चुकी है. साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है.
डीडी बार संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह की गिरफ्तारी के बाद एसआईटी ने उनसे जुड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच भी तेज कर दी है. शुक्रवार देर रात पुलिस ने चांडिल स्थित होटल हवाना में छापेमारी कर सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेज और कमरों की जांच की. होटल के कर्मचारियों और प्रबंधन से भी पूछताछ की गई. इसके अलावा पुलिस नीरज सिंह के आवास पर भी नजर बनाए हुए है.
नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस बिना वारंट उनके घर में दाखिल हुई, तलाशी ली और दो वाहनों को जब्त कर लिया. मामले में अब अदालत के निर्देश के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी.
हत्याकांड में आरोपी बनाए गए नीरज सिंह की जमानत याचिका पर 6 जुलाई को सुनवाई निर्धारित की गई है. वहीं, उनके हथियार लाइसेंस को रद्द करने की प्रक्रिया को लेकर भी अदालत ने संबंधित थाना से रिपोर्ट मांगी है. पुलिस के मुताबिक, हिमांशु सिंह हत्याकांड में अब तक तीन नाबालिगों सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल अब भी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. एसआईटी का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है.
