जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया. क्रॉस रोड नंबर-20 स्थित क्वार्टर संख्या एल-4/11 को चोरों ने निशाना बनाया और लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए. क्वार्टर टाटा स्टील कर्मी सुब्रतो दास का बताया जा रहा है. घटना के समय सुब्रतो दास ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी अंबिका दास पास के रामकृष्ण मिशन स्कूल में शिक्षिका के तौर पर मौजूद थीं. दोपहर करीब 12:45 बजे सुब्रतो दास जब घर पहुंचे तो अंदर का दरवाजा खुला मिला और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था.
घर की जांच करने पर पता चला कि चोरों ने दो अलमारियों के ताले तोड़ दिए थे. अलमारी में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद के अलावा लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात गायब थे. चोरी का पता चलते ही परिजनों ने तत्काल सिदगोड़ा थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घर के आसपास मौजूद साक्ष्यों को जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
प्रारंभिक जांच में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है. फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति क्वार्टर के पीछे की तरफ से घर में प्रवेश करता हुआ दिखाई दे रहा है. कुछ देर बाद वही संदिग्ध घर से बाहर निकलता भी नजर आ रहा है. पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है. साथ ही चोरी गए जेवरात और नकदी का भी आकलन किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सीसीटीवी समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास जारी है. दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने एक बार फिर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा
