जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है. शहर के कदमा, सोनारी और पोटका थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी मात्रा में अवैध चुलाई शराब बरामद की और 6 अवैध भट्ठियों को ध्वस्त किया है. उत्पाद विभाग द्वारा कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्म नगर और जयप्रकाश नगर में संचालित अवैध चुलाई शराब बिक्री केंद्रों पर छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान कुल 90 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. वहीं, सोनारी थाना क्षेत्र के निर्मल नगर में भी उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया. यहां से 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. इसके अलावा ग्रामीण इलाके के पोटका थाना क्षेत्र के पहाड़भांगा और रानीकुदर इलाके में नदी किनारे संचालित अवैध चुलाई शराब भट्ठियों पर भी बड़ी कार्रवाई की गई. छापेमारी के दौरान टीम ने यहां कुल छह अवैध शराब भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई के दौरान 180 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. साथ ही शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले करीब 10 हजार किलोग्राम जावा-महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. अधिकारियों के अनुसार बरामद सामग्री का उपयोग बड़े पैमाने पर अवैध शराब उत्पादन के लिए किया जा रहा था.
भाग निकले शराब विक्रेता
हालांकि छापेमारी के दौरान एक भी शराब विक्रेता पकड़े नहीं गए. छापेमारी की सूचना पर वे भाग निकले. शराब विक्रेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. विभाग ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आगे भी नियमित रूप से छापेमारी अभियान जारी रहेगा. विभाग के छापेमारी को लेकर अवैध शराब बेचने वालों में हड़कंप मचा है.
