Jharkhand

कोवाली थानेदार पर बुजुर्ग से मारपीट और रिश्वतखोरी का लगा आरोप, एसएसपी से हुई शिकायत

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के एक थानेदार पर थाना में बुजुर्ग से मारपीट करने और छोड़ने के एवज में एक लाख रुपए मांगने का आरोप लगा है. यह आरोप कोवली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव पर लगा है. कोवली के हेंसड़ा गांव निवासी बुजुर्ग श्यामा प्रसाद बेरा के साथ थानेदार पर थाना में मारपीट का आरोप लगा है. श्यामा प्रसाद बेरा के पुत्र करण बेरा ने मामले की शिकायत एसएसपी से की है. पोटका के विधायक संजीव सरदार से भी मामले की शिकायत की गई है. हालांकि थानेदार ने खुद पर लगे आरोप को गलत बताया है. थाना प्रभारी का कहना है कि गांजा तस्करी की आशंका पर बुजुर्ग को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था. पूछताछ के बाद बुजुर्ग को छोड़ दिया गया है. उनके साथ ना मारपीट हुई है और ना छोड़ने के एवज में पैसे मांगे गए हैं. पूछताछ के दौरान थोड़ा सख्ती बरतने पर वह जमीन पर गिर पड़ा. उसे अस्पताल ले जाया गया था.

आधी रात को पुलिस ले गई थी थाना
करण बेरा ने बताया कि 6 जून की रात करीब 12 बजे कोवली पुलिस घर आई थी. गांजा तस्करी के शक में पिता को उठाकर ले गई थी. पूछताछ के दौरान थाना में उनके साथ मारपीट की गई. पिता को थाना के जाने के बाद वह भी थाना पहुंचा. वहां पिता के साथ मारपीट करने का उसने विरोध किया तो पुलिस ने उसे डांट कर भगा दिया. पुलिस पिता को इलाज के लिए अस्पताल भी लेकर है लेकिन इलाज पूरा होने से पहले उन्हें फिर थाना लाया गया. पुत्र ने आरोप लगाया कि थानेदार ने पिता को छोड़ने के एवज में एक लाख रुपए मांगे. पैसे नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी. पुत्र ने इसकी शिकायत कोल्हान के डीआईजी, डीजीपी और मुख्यमंत्री से भी की है.