Jharkhand

SIR मिशन पर झामुमो का फोकस, नेताओं को मिली बूथ स्तर तक निगरानी की जिम्मेदारी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK) : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को तेज करने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिले में संगठनात्मक स्तर पर बड़ी जिम्मेदारियां तय की हैं. पार्टी की केंद्रीय समिति के निर्देश पर केंद्रीय और जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं को जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों का प्रभारी बनाया गया है.

झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने बताया कि नियुक्त किए गए सभी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों के अध्यक्षों, सचिवों और बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को गति देंगे. साथ ही मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की नियमित समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे.

पार्टी द्वारा जारी जिम्मेदारियों के अनुसार साकची क्षेत्र की कमान केंद्रीय सदस्य बारी मुर्मू को सौंपी गई है, जबकि सिदगोड़ा की जिम्मेदारी पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी को दी गई है. टेल्को में सागेन पूर्ति, बिरसानगर में पूर्व सांसद सुमन महतो, सीतारामडेरा में पंकज सिन्हा, गोलमुरी में राजू गिरि, बिष्टुपुर में पवन सिंह, सोनारी में मोहन कर्मकार और कदमा क्षेत्र में मनोज यादव को प्रभारी बनाया गया है.

मानगो नगर निगम क्षेत्र की जिम्मेदारी पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू और शेख बदरुद्दीन को संयुक्त रूप से सौंपी गई है. वहीं जुगसलाई नगर में मो. हिदायतुल्लाह खान तथा चाकुलिया नगर में सोमबारी सोरेन को जिम्मेदारी दी गई है. ग्रामीण क्षेत्रों में भी विधायकों को अहम जिम्मेदारी दी गई है. बहरागोड़ा, चाकुलिया और गुड़ाबांधा प्रखंड की निगरानी विधायक समीर मोहंती करेंगे. घाटशिला, धालभूमगढ़, मुसाबनी और गुड़ाबांदा प्रखंड की जिम्मेदारी विधायक सोमेश चंद्र सोरेन को दी गई है. वहीं पोटका, डुमरिया और जमशेदपुर प्रखंड में विधायक संजीव सरदार तथा बोड़ाम, पटमदा और जमशेदपुर अंश क्षेत्र में विधायक मंगल कालिंदी अभियान की कमान संभालेंगे. पार्टी का कहना है कि SIR अभियान को सफल बनाने और मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने के लिए संगठन के सभी स्तरों पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है.