Jharkhand

जमशेदपुर: नशा मुक्ति रैली में शामिल युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, नशा कारोबारियों पर आरोप

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में क्राइम कम होने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार की रात शहर फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा. बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. फायरिंग मुस्लिम बस्ती स्थित कंटेनर यार्ड के पास हुई. इसमें  मुस्लिम बस्ती निवासी आफताब आलम नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. अपराधियों ने उसे 3 गोली मारी. गोली आफ़ताब को पीठ और पेट में लगी है. उसकी हालत गंभीर है और टीएमएच में उसका इलाज चल रहा है. उसपर फायरिंग करने का आरोप नशे के कारोबार में शामिल बंधु नामक व्यक्ति पर लगा है. बर्मामाइंस पुलिस पुर मामले की जांच कर रही है. पुलिस जांच के लिए घटना स्थल पर भी है. मौके से खोखा बरामद किया गया. पुलिस अपराधियों के धर पकड़ के लिए छापेमारी कर रही है. फायरिंग की घटना से बस्ती में सनसनी फैल गई. घटना के बाद परिजनों ने टीएमएच में आरोपियों पर कार्रवाई की मांग पर हंगामा किया. सुरक्षा को लेकर वहां काफी मात्रा में फोर्स तैनात किया गया.
 
तीन ओर से चली गोली
घायल युवक के साथियों ने बताया कि आफताब अपने चार साथियों के साथ यार्ड के पास बैठा था. रात होने पर वे लोग घर जाने लगे. इसी दौरान 6 युवक मौके पर पहुंचे. युवकों ने तीन ओर से गोली चलानी शुरू कर दी तो सभी लोग भागने लगे. भागने के क्रम में आफताब नीचे गिर गया. इसी दौरान अपराधी उसके पास पहुंचे और उसे गोली मार दी. गोली मारने के बाद बदमाश भाग निकले. फायरिंग की घटना में आफताब गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके 4 साथी बाल-बाल बचे. घटना के बाद मौके पर बस्ती के लोगों की भीड़ जुटी और घायल को इलाज के लिए टीएमएच लाया गया. यहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. 

कल नशा मुक्ति रैली में हुआ था शामिल
बर्मामाइंस पुलिस की ओर से शनिवार को इलाके में नशा मुक्ति रैली निकाली गई थी. इसमें आफताब आलम जोर शोर से शामिल हुआ था. उसके साथियों ने आरोप लगाया कि इसी कारण नशे के कारोबार में शामिल लोगों ने उसे जान से मारने की नीयत से आफताब पर गोली चलाई. इस मामले में पुलिस ने कुछ बदमाशों को हिरासत में लिया है. पुलिस का कहना है कि बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घायल आफताब कंटेनर यार्ड में मजदूरी करता है.