Jharkhand

जमशेदपुर: हाईवा की चपेट में आने से ड्यूटी जा रहे युवक की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
जमशेदपुर: हाईवा की चपेट में आने से ड्यूटी जा रहे युवक की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में सोमवार सुबह सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. घटना परसुडीह थाना क्षेत्र में हुई. परसुडीह थाना क्षेत्र के सालगाझुरी स्थित हनुमान मंदिर के पास एक अनियंत्रित हाइवा ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर ही युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान चांदनी चौक निवासी सुमित मुंडा (25) के रूप में हुई. घटना के बाद परिजनों वो स्थानीय लोगों ने हंगामा किया. शव को सड़क पर रख घटना का विरोध जताया. इस दौरान लोगों ने हाइवा के चालक की गिरफ्तार करने और मुआवजा देने की मांग की. लोगों ने सड़क जाम कर दिया. सूचना पर परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. लेकिन लोगों का विरोध जारी था. घटना सोमवार की सुबह करीब 5.30 बजे हुई. हाईवा का चक्का सुमित के ऊपर चढ़ गया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई. 

कैसे हुई घटना
मृतक टाटा मोटर्स में काम करता था. सुबह वह बाइक पर ड्यूटी जा रहा था. इसी दौरान हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हाइवा ने ओवरटेक करने के क्रम में बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाइवा को घेर लिया. लेकिन उसका चालक भागने में सफल रहा. पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है. लोगों ने आरोप लगाया कि जिस सड़क पर हादसा हुआ वह सड़क काफी संकरी है. इसके बाद भी इस सड़क पर बड़े वाहन चलते है. कई बार पहले भी घटनाएं हो चुकी है. घटना की सूचना पर सुमित के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रो कर बुरा हाल था.