Jharkhand

जमशेदपुर: बर्मामाइंस गोलीकांड में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, विरोध में रोड जाम

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के मुसलिम बस्ती स्थिति कंटेनर यार्ड में गोलीबारी की घटना में घायल युवक आफताब आलम की मौत हो गई. मंगलवार के तड़के कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ा. उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिजन और बस्ती के लोग आक्रोशित हो गए. काफी संख्या में लोग बर्मामाइंस थाना पहुंचे और थाना का घेराव किया. इसके बाद लोग सड़क पर उतर आए और घटना का विरोध करने लगे. इस दौरान अपनी मांग को लेकर लोगों ने थाना के पास मुख्य सड़क को जाम कर दिया. इस दौरान बीच सड़क पर टायर जलाकर लोगों ने अपना विरोध जताया. पुलिस लोगों को समझाने के प्रयास में जुटी रही लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए. खबर लिखें जाने तक लोगों का विरोध प्रदर्शन जारी था. लोग हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे.

क्या है मामला
2 अगस्त की रात आफताब आलम को बाइक सवार 6 अपराधियों में गोली मारी थी. आफताब पर कई राउंड गोली चलाई गई थी. उसे 6 गोली लगी थी. टीएमएच में इलाज के बाद उसे कोलकाता रेफर किया गया था. घटना के एक दिन पहले आफताब पुलिस के साथ नशा मुक्ति रैली में शामिल हुआ था. आफताब के साथियों ने नशे के कारोबारियों पर गोली चलाने का आरोप लगाया था. आफताब अपने कुछ साथियों के साथ कंटेनर यार्ड में बैठा था. इसी दौरान बदमाशों ने उसपर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. गोली उसके पीठ और पैर में लगी थी. उसका शव शहर वापस लाया जा रहा है. यही शव को सुपुर्द ए खाक किया जाएगा.

इन लोगों पर दर्ज हुआ केस
बर्मामाइंस पुलिस के इस मामले में कुल 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है. शहनवाज उर्फ भोंदू, मो रेहान, आयन, मो शाहरुख, मो इमरान, मो समद, रानी परवीन, अंगूरी बेगम, कुलसुम बीवी, बगुली, उदय महतो पर नामजद केस दर्ज हुआ है. अज्ञात को भी आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है. पुलिस ने जल्द इस मामले के आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.