Jharkhand

जमशेदपुर: हाफ एनकाउंटर वाली जगह पर फिर हुई वारदात, महिला के गले से झपटी चेन

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
जमशेदपुर: हाफ एनकाउंटर वाली जगह पर फिर हुई वारदात, महिला के गले से झपटी चेन

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में चेन स्नैचरों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा. कुछ दिनों पहले जिस जगह पर पुलिस ने एक चेन स्नेचर का हॉफ एनकाउंटर किया था, उसी जगह रविवार की सुबह एक महिला से चेन छिनतई की घटना हुई. महिला सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली थी. इसी दौरान सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर के पास महिला से चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया गया. स्कूटी सवार एक बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला से चेन छीन ली और भाग निकला. पीड़ित महिला रीना मिश्रा ने इस मामले में सिदगोड़ा थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की. बदमाश की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी का सहारा ले रही है. शहर में लगातार हो रही स्नैचिंग की घटनाओं में लोगों में दहशत है.
पीड़ित महिला रीना मिश्रा ने बताया कि वह मॉर्निंग वॉक कर रही थी. इसी दौरान एक बदमाश स्कूटी पर पीछे से आया. उसने पहले मुझे थप्पड़ मारी, फिर चेन छीन भाग निकला. 

2 महीने में 25 से अधिक महिलाओं से स्नैचिंग
शहर में स्नैचर्स का आतंक है. खासकर महिलाएं स्नेचरों के निशाने पर है. पिछले 2 महीने में शहर में 25 से अधिक महिलाओं से चेन स्नेचिंग हो चुकी है. इसी बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्नैचर का सिदगोड़ा सूर्य मंदिर के पास हॉफ एनकाउंटर किया था. इस कार्रवाई में 2 स्नेचर पकड़े गए थे. टेल्को में एक महिला से स्नैचिंग के बाद भागने के क्रम में पुलिस और स्नेचरों के बीच मुठभेड़ भी हुई थी. इस कार्रवाई के बाद भी शहर में स्नेचिंग की घटनाएं जारी है.