☰
Jharkhand

जमशेदपुर: बाराद्वारी फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो को दबोचा, बीटी रात हुई थी घटना

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): बाराद्वारी में आबिद हुसैन पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान काशीडीह निवासी असमुलु और साकची निवासी दशरथ शुक्ला के रूप में हुई है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग के पीछे असली वजह क्या थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे.

पहले हुआ विवाद, फिर चली गोलियां

बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच बाराद्वारी देवनगर आश्रम के पास आबिद हुसैन का इस्मायलु और काशीडीह निवासी कोदू से विवाद हो गया था. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. इसी दौरान आबिद के साथ मारपीट भी की गई. इसके बाद उसने अपने दोस्तों को फोन कर मदद मांगी और किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंच गया.

घर के बाहर हुई फायरिंग

आबिद के मुताबिक रात करीब 11:15 बजे वह घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था. तभी सफेद रंग की स्कूटी से इस्मायलु और कोदू वहां पहुंचे. दोनों ने कथित तौर पर उस पर चार से पांच राउंड फायरिंग की. गोली लगने से आबिद घायल होकर जमीन पर गिर गया. इसके बाद दोनों स्कूटी से एमजीएम अस्पताल मोड़ की तरफ भाग निकले.

CCTV से पुलिस को मिला सुराग

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल आबिद को MGM अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान गोली के खोखे बरामद किए.

इसके बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने असमुलु और दशरथ शुक्ला को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया है कि दशरथ शुक्ला ने वारदात में इस्तेमाल हथियार उपलब्ध कराया था. हालांकि पुलिस अभी इस जानकारी की जांच कर रही है.

पुलिस हथियार बरामद करने के साथ फायरिंग करने वाले युवकों और घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है. दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.