Jharkhand

जमशेदपुर: डिमना लेक के पास तालाब में डूबने से एमजीएम के 2 जूनियर डॉक्टरों की मौत, एक की बची जान

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (Jamshedpur): जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल के 2 जूनियर डॉक्टरों की डिमना लेक के पास बने तालाब में डूबने से मौत हो गई. जबकि यश नामक जूनियर डॉक्टर बच निकला. यश के साथ समीर और सक्षम नामक जूनियर डॉक्टर देर रात तालाब के किनारे पहुंचे थे. जहां यह हादसा हो गया. समीर और सक्षम डूब गए. उक्त तालाब को डेंजर जोन में रखा गया है. हादसे की सूचना पर बोड़ाम पुलिस मौके पर पहुंची और डूबे दोनों डॉक्टरों की तलाश शुरू की. बड़ी संख्या में लोग और एमजीएम अस्पताल के डॉक्टर भी मौके पर पहुंचे. इस घटना से सनसनी फैल गई. 
बताया जा रहा है कि तीनों जूनियर डॉक्टर देर रात तालाब किनारे पार्टी करने गए थे. इसी दौरान एक डॉक्टर का मोबाइल तालाब में गिर गया. मोबाइल निकालने के लिए पहले एक डॉक्टर तालाब में उतरा. लेकिन वह डूबने लगा. उसे बचाने के लिए दूसरा डॉक्टर तालाब में कूदा. फिर दोनों डूबने लगे. उन दोनों को बचाने के लिए यश भी तालाब में कूद पड़ा. लेकिन वह दोनों को बचा नहीं सका. यश तैरना जानता था इसलिए वह तालाब से बाहर निकल आया. फिर उसने घटना की जानकारी अपनी साथियों और फिर पुलिस को दी. पुलिस गोताखोरों की मदद से तालाब में डूबे दोनों डॉक्टरों की तलाश कर रही है. जबकि यश से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है. दोनों डॉक्टरों के चप्पल तालाब किनारे पड़े मिले. बताया जा रहा है कि इनमें से एक डॉक्टर की देर रात एमजीएम अस्पताल में ड्यूटी लगी थी. घटना को लेकर एमजीएम अस्पताल के डॉक्टरों में शोक की लहर है.

पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण डैम का जलस्तर बढ़ा हुआ है. इसके कारण डैम का एक फाटक खोल दिया गया था. फाटक खुलने के कारण डैम के पास बने तालाब में भी पानी काफी अधिक थी.इसलिए शव खोजने में परेशानी हो रही है.