Jharkhand

जमशेदपुर:जनगणना कर्मी बन 3 बदमाशों ने महिला से की लूट, मारपीट कर किया जख्मी

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर ( JAMSHEDPUR): जमशेदपुर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. जनगणना कर्मी बन 3 बदमाशों ने पहले एक महिला से मारपीट की और फिर लूट की घटना को अंजाम दिया. मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हुई है और उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. मामला मानगो थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है. पुलिस बदमाशों का पता लगा रही है. सोमवार को दोपहर बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया और मौके से भाग निकले. पीड़ित महिला लीलावती अम्मा  मानगो थाना क्षेत्र के  जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान अपार्टमेंट में रहती है. यहीं बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया.
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया है कि जनगणना कर्मी बनकर बदमाश उसके घर में घुसे थे. घटना के वक्त वह घर में अकेली थी. पीड़िता ने बताया है कि पहले एक महिला मेरे घर में जनगणना कर्मी बनकर घुसी. महिला ने खुद को जनगणना विभाग की कर्मी बताया. इसी दौरान 2 और बदमाश घर में घुसे. इसके बाद तीनों ने मिलकर पहले मेरे साथ मारपीट की और फिर घर में रखे सारे जेवर लूट ले गए. मारपीट में महिला के मुंह में गंभीर चोट आई है. महिला के कई दांत भी बदमाशों ने तोड़ दिया. 

आधे घंटे तक बनाए रखा बंधक
पीड़िता ने बताया कि तीनों बदमाशों ने मुझे करीब आधा घंटा तक बंधक बनाए रखा. उसे धक्का देकर एक कमरे में बंद कर दिया. विरोध करने पर मारपीट की. बदमाशों ने गले से सोने की चेन और कान की बाली उतरवा लिया. बदमाशों ने मेरे साथ दुर्व्यवहार भी किया. लूट की घटना को अंजाम देने के बाद तीनों मुझे फ्लैट की बालकनी में बंद कर भाग गए. महिला ने बताया कि बालकनी से शोर मचाकर मैंने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद पड़ोसियों ने मुझे बाहर निकाला. फिर महिला ने घटना की जानकारी अपने पति शोरूम के सेल्स मैनेजर बी एस पिल्ले को दी. इधर, सूचना पाकर  मानगो पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए एमजीएम पहुंचाया. पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी का सहारा ले रही है. दिन दहाड़े इस घटना से आसपास के इलाकों में दहशत है.